BHILAI. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा भिलाई के एक वाट्सएप ग्रुप में एक चैट चर्चा का विषय बन गई है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के ग्रुप में वायरल इस चैट पर ग्रुप के भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने ही आपत्ति जताई। इसके बाद चैट भेजने वाले ने सफाई भी दी। हालांकि सोशल मीडिया में केवल मोदी विरोधी चैट की क्लिप ही वायरल हो रही है।

भिलाई भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के वाट्सअप ग्रुप में अनवर वहाब नाम के भाजपा नेता ने पोस्ट डाला था। इस पोस्ट में जो कविता लिखी गई वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चोट कर रही थी। इसमें लिखी गई बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर साफ इशारा कर रही थी। चैट पोस्ट होने के बाद अनवर वहाब को ग्रुप के ही अन्य भाजपा नेता व सदस्य घेरने लगे। मोदी विरोधी इस पोस्ट के तुरंत बाद किसी ने लिखा भी कि “अनवर भाई आप अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री हैं, ग्रुप में आप इस तरह की पोस्ट न डालें।”

भिलाई भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अब्दुल समद ने इस संबंध में बताया कि वह पोस्ट गलती से हो गया था। अनवर भिलाई भाजपा के कर्मठ नेता हैं और पिछले 20 वर्षों से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। अनवर के पोस्ट के बाद हमने उनसे पूछा था तो उन्होंने कहा कि बिना जाने ही उन्होंने इसे शेयर कर दिया। उनके पास कहीं से आया और बिना उन्होंने इसका मतलब जाने पोस्ट कर दिया।


अब्दुल समद ने यह भी बताया कि ग्रुप में ही अनवर ने अपनी पोस्ट को लेकर गलती से भेजने की बात कही थी। इस चैट को वायरल कर जबरन तूल दिया जा रहा है। जैसा सोचा जा रहा है वैसा इस चैट में कुछ भी नहीं है। अब्दुल समद ने यह भी बताया कि अनवर ने भूलवश ही यह पोस्ट किया है।





































