तीरंदाज, डेस्क। स्कूल में टीचर्स द्वारा बदमाशी करने पर या पढ़ाई न करने पर सजा देना आम बात है लेकिन क्या कभी सोचा है टीचर्स की मार खाने के बाद कुछ छात्र उनसे बदला लेने किसी भी हद तक चले जाते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में देखने को मिला। एक छात्र को टीचर ने स्कूल में डांट दिया तो दूसरे दिन छात्र ने बदला लेने के लिए ऐसा काम किया जिसकी किसी को उम्मीद ही नहीं थी।

संगम नगरी प्रयागराज के अब्दालपुर खास के स्कूल का यह मामला है। दरअसल स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं के छात्र को टीचर ने दूसरे छात्रों के सामने उसे डांट लगाई थी और मुर्गा बनाया था। इससे नाराज छात्र दूसरे दिन टीचर को धमकाने के लिए स्कूल में कट्टा लेकर पहुंच गया। स्कूल के टीचर्स को इसकी भनक लग गई तो छात्र का बैग चेक करने पर उसमें से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।

छात्र के बैग से देशी कट्टा मिलने के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन फानन में टीचर्स ने पुलिस को सूचना दी और छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ की तो हैरान रह गई। छात्र ने पुलिस को बताया कि वह टीचर से बदला लेना चाहता था इस लिए कट्टा लेकर उसे धमकाने गया था।

पुलिस ने कट्टा के संबंध में पूछताछ की तो उसे एक अन्य लड़के से खरीदना बताया। छात्र ने यह भी बताया कि कट्टा दिखाकर वह छात्र की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे लड़के को भी हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।







































