तीरंदाज, रायगढ़। जिले के चक्रधर नगर क्षेत्र में मंगलवार को भरे बाजार में युवक की हत्या कर दी गई। युवक नगर के मटन मार्केट में पहुंचा था जहां आरोपी युवक भी पहुंच गया। पहले तो दोनों में विवाद हुआ इसके बाद आरोपी ने मटन काटने वाले चाकू से युवक का गला काट दिया। इसके बाद आरोपी युवक सीधे थाने पहुंचा और खुद को सरेंडर कर दिया।
चक्रधर नगर पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पुराना विवाद था जिसके कारण यह वारदात हुई। पुलिस ने बताया कि अंबेडकर आवास निवासी कृष्णा सिंह (30) मंगलवार दोपहर को रेलवे लाइन के पास स्थित मटन-मुर्गा मार्केट पहुंचा था। वहीं उसका पड़ोसी युवक नंदकिशोर भुईहर (20) भी पहुंच गया। दोनों के बीच विवाद हुआ। दोनों यहां एक मटन मुर्गी दुकान के पास खड़े थे। दोनों में विवाद बढ़ा और नंदकिशोर ने कृष्णा के गले पर मटन काटने वाले चाकू से वार कर दिया।
धारदार चाकू के वार से कृष्णा सिंह वहीं ढेर हो गया। इसके बाद नंदकिशोर चिल्लाते हुए थाने पहुंचा और खुद को सरेंडर कर दिया। इधर दुकानदारों को कुछ भी समझ नहीं आ रहा था। सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि लोग काफी घबरा गए। आरोपी के भागने के बाद मार्केट के लोगों ने पहले पुलिस को सूचना दी और जमीन पर ढ़ेर युवक को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना पहुंचने के बाद आरोपी ने पुलिस को जो बताया वह चौंकाने वाला था। दरअसल आरोपी व मृतक युवक का पुराना विवाद था। दोनों के बीच होली में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान कृष्णा सिंह ने नंदकिशोर की मां को लेकर अपशब्द कहे थे। चक्रधर नगर पुलिस के अनुसार आरोपी युवक बदला लेने के लिए मौके की तलाश में था। आज बाजार में मौका मिला और यह वारदात हो गई। फिलहाल शव को जिला अस्पताल के मरच्यूरी में रखवा दिया गया है।