जांजगीर। जिले में एक दहलाने वाली घटना सामने आई है। पुरानी रंजिश के कारण यहां एक पड़ोसी ने सास बहू की बेरहमी से हत्या कर दी। घटन सोमवार देर रात की बताई जा रही है। खासबात यह है क हत्या करने के बाद आरोपी ने स्वयं भी जान दे दिया। हत्या के बाद अपने ससुराल पहुंचकर उसने जहर पी लिया जिससे उसकी मौत हो गई।
जांजगीर जिले के डभरा थाना क्षेत्र के खरकेना गांव में सोमवार की रात को यह हृदय विदारक घटना हुई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खरकेना गांव निवासी संतोषी बाई रत्नाकर (35) पत्नी चिंतामणि और उसकी सास गुरबारी बाई (70) की सोमवार देर रात हत्या कर दी गई। संतोषी बाई का शव कमरे में और गुरबारी बाई का बरामदे में पड़ा था। जिस समय यह घटना हुई तक संतोषी बाई का पति चिंतामणी दूसरे कमरे में सोया हुआ था।
शुरुआती जांच के बाद हत्या के मामले में उनके पड़ोसी लक्ष्मण भारद्वाज का नाम सामने आया। जब पुलिस लक्ष्मण भारद्वाज को गिरफ्तार करने पहुंची तो वह फरार हो चुका था। पतासाजी करने पर यह जानकारी मिली कि वह रायगढ़ के खरसिया में अपने ससुराल चला गया था। वहां उसे स्वयं जहर पीकर जान दे दी। आरोपी की आत्महत्या के कारण पुलिस को हत्या की असल वजह का पता नहीं चल पाया। बताया जा रहा है कि आरोपी को चिंतामणी के परिवार से पुरानी रंजिश थी।