दिल्ली। सिंघु बॉर्डर पर किसानों के धरना स्थल पर शुक्रवार को कुछ लोगों ने एक युवक की बर्बर हत्या कर दी। न केवल युवक की हत्या की गई, बल्कि उसके शव को वहां रखे एक बेरीकेड से लटका दिया गया। युवक के शरीर पर धारदार हथियार के निशान हैं और उसके एक हाथ की कलाई भी काटी गई है। युवक की हत्या का तरीका बिल्कुल तालिबानियों की तरह है। हत्या का आरोप निहंगों के एक समूह पर है। बताया जा रहा है कि इस समूह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी डाला है और उसमें हत्या को जायज ठहराया है।
दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर पिछले करीब नौ महीने से कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है। धरना स्थल पर शुक्रवार को एक युवक की हत्या कर दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वारदात स्थल पर जाने से रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस किसी तरह मौके पर पहुंची तो दंग रह गई। युवक का शव बेरीकेड से लटकाया गया था। उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे और उसके एक हाथ की कलाई काट दी गई थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और अस्पताल पहुंचाया। युवक की पहचान लखबीर सिंह के रूप में की गई है। वह तरनतारन के चीमाखुर्द में रहता था।
रोहतक रेंज के आईजी संदीप खिरवार के अनुसार इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके से फेॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। मृतक के शव का मेडिकल टीम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनका सुराग भी मिल गया है। जल्द ही आरापियों की गिरफ्तारी होगी।