रायपुर (TNS)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ( Chhattisgarh Congress) मची खींचतान के बीच विधायकों (MLA) का दिल्ली जाने का दौर जारी है। आज भी करीब 4 विधायक दिल्ली रवाना हो गए हैं। हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दाऊ कांग्रेस हाईकमान पर दबाव बनाने और उन्हें साधने की रणनीति पर चल रहे हैं। एक तरफ विधायक दिल्ली भेजे जा हे हैं तो दूसरी ओर रायपुर में राजीव युवा मितान क्लब की घोषणा की जा रही है। चर्चा यह भी है कि इन विधायकों द्वारा सीएम भूपेश के समर्थन में हाईकमान को चिट्ठी भी सौंपी जाएगी। इन अटकलों के बीच आज सीएम भूपेश बघेल ( CM Bhupesh Baghel)ने कहा कि विधायक आते-जाते रहते हैं, कोई राजनीतिक घटनाक्रम हुआ क्या? गए हैं तो आ जाएंगे। मीडिया इसके पीछे क्यों पड़ी है। हर व्यक्ति स्वतंत्र है कोई आदमी आए-जाए जब कोई राजनीतिक घटनाक्रम हो तब जोड़ा जाना चाहिए। जब कोई घटना ही नहीं घट रही है तो उसे राजनीतिक चश्मे से क्यों देखा जा रहा है।
विधायकों के आने-जाने से दिक्कत नहींः मरकाम
इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम (Mohan Markam)ने कहा है, विधायकों के आने-जाने से कोई दिक्कत नहीं है। वे वहां निजी काम से गए हैं। कुछ लोग नेताओं से मिलने भी गए हैं। इसमें किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनका काम संगठन को मजबूत रखना है। वे अपना काम कर रहे हैं।
आज भी कई कांग्रेस विधायक दिल्ली गए
कांग्रेस विधायक ममता चंद्राकर, कुंवर सिंह निषाद, विनय भगत और लक्ष्मी ध्रुव आज सुबह रायपुर से दिल्ली रवाना हुए। सभी ने कहा, वे निजी काम से दिल्ली जा रहे हैं। शुक्रवार शाम को चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के साथ शिशुपाल शोरी, लालजीत सिंह राठिया, संतराम नेताम, राजमन बेंजाम, डॉ. केके ध्रुव, उत्तरी जांगड़े, किश्मतलाल नंद दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
मुख्यमंत्री के भी दिल्ली जाने की चर्चा तेज
संकेत मिल रहे हैं कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दिल्ली वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दिल्ली जा सकते हैं। राहुल गांधी इस समय केरल के दौरे पर हैं। वहीं प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में मोर्चा संभाले हुए हैं। प्रियंका के यूपी में रहने की वजह से छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया खुद लखनऊ नहीं छोड़ पा रहे हैं।
इधर, भाजपा ने साधा निशाना, रमन बोले- यह कुर्सी दौड़ खत्म होनी चाहिए
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, छत्तीसगढ़ किसके साथ खड़ा है या डोल रहा है यह राहुल गांधी को तय करना है। अब यह कुर्सी दौड़ खत्म होना चाहिए। हर बार विधायक दिल्ली पहुंच जाते हैं। कहते हैं पर्यटन के लिए आए हैं। ऐसा है तो सभी को पर्यटन के लिए भेज दिया जाना चाहिए। डॉ. सिंह ने कहा, कांग्रेस में नेतृत्व नहीं बचा है। वरिष्ठ नेता ही उसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।