RAIPUR NEWS. स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश में शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी क्रम में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।

जारी जानकारी के अनुसार, इन पदों में से 795 पद ई-संवर्ग की शालाओं में तथा 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे। यह भर्ती राज्य में कुल 5000 शिक्षकीय पदों पर प्रस्तावित भर्ती अभियान का हिस्सा है।

लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक अशोक नारायण बंजारा ने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट और स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। साथ ही भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम भी व्यापम की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा किया जाएगा, जिसकी संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

ऑनलाइन आवेदन की तिथियों की घोषणा व्यापम द्वारा अलग से की जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार व्याख्याता और शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए भी अलग-अलग विज्ञापन शीघ्र जारी किए जाएंगे।



































