राजनांदगांव। जिले के मलैदा कैंप (Malida Camp) में तैनात आईटीबीपी (ITBP) व सीएएफ (CAF) के 21 जवानों के फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए हैं। सभी जवानों का इलाज खैरागढ़ स्थित अस्पताल में किया जा रहा है। सभी जवान खतरे से बाहर है। इसकी जानकारी मिलते ही सीएम भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने सभी जवानों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया है।
जानकारी के अनुसार सर्चिंग पर जाने से पहले जवानों ने नॉनवेज खाना खाया था। इसके बाद वहां से लौटने के बाद उल्टी, पेट दर्द और बुखार की शिकायत आई थी। तकलीफ बढ़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीएमओ विवेक बिसेन ने बताया कि बीमार जवानों का खैरागढ़ अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर है। अब खाने की वजह से तबियत बिगड़ी या फिर पानी की वजह से ये हालात हुए, विशेषज्ञ इसकी जांच करेंगे।
(TNS)