INDORE NEWS. पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल की इंदौर-नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस को यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए 24 नवंबर से स्थायी रूप से 16 कोचों के साथ चलाया जाएगा। इससे ट्रेन में बैठने की क्षमता दोगुनी होकर पहले 526 सीटों से बढ़कर अब 1124 सीट तक पहुंच जाएगी।

इस बदलाव से यात्रा की सुविधा में काफी सुधार होगा। साथ ही यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी। ट्रेन की समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं होगा और यह पूर्ववत ही संचालित होगी। इंदौर में हाल ही में अपग्रेडेड रैक पहुंच चुके हैं और उनका रख-रखाव किया जा रहा है।
अतिरिक्त कोचों से यात्रियों को लाभ
ट्रेन में अब 16 कोच होने से खासकर त्योहारी सीजन और महत्वपूर्ण मौकों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में कठिनाई कम होगी। अब एक हजार से अधिक यात्रियों को आरामदायक यात्रा करने का अवसर मिलेगा।

ट्रेन की समय-सारणी
इंदौर से ट्रेन सुबह 6:10 बजे प्रस्थान करेगी। इसमें उज्जैन 6:50, भोपाल 9:10, नर्मदापुरम 10:22, इटारसी 10:45, बैतूल 11:58 होते हुए दोपहर 2:35 बजे नागपुर पहुंचेगी। वहीं, नागपुर से ट्रेन दोपहर 3:20 बजे चलेगी, बैतूल 5:23, इटारसी 7:00, नर्मदापुरम 7:22, भोपाल 8:38, उज्जैन 10:40 होते हुए रात 11:50 बजे इंदौर पहुंचेगी।

मध्य भारत का व्यस्ततम रेल मार्ग
इंदौर-भोपाल-नागपुर मार्ग मध्य भारत का एक अत्यंत व्यस्त और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रेल मार्ग है। इस मार्ग से रोजाना हजारों विद्यार्थी, प्रोफेशनल, व्यापारियों और ट्रैवलर्स सफर करते हैं।
इंदौर और भोपाल शिक्षा और व्यापार के प्रमुख केंद्र हैं, जबकि नागपुर एक बड़ा औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब है। वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी तेज गति, आधुनिक सुविधाओं और समय की पाबंदी के कारण इस रूट की पहली पसंद है।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने की पहल
बताते चलें कि 27 जून को इंदौर-भोपाल के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी, जो उज्जैन में केवल पांच मिनट के लिए रुकी थी। शुरुआत में ट्रेन में बहुत स्थान खाली रहते थे, लेकिन नियमित संचालन के बाद यात्रियों की संख्या में खूब इजाफा हुआ।
केंद्रीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की पहल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस ट्रेन को नागपुर तक विस्तारित किया। इससे वंदेभारत के सफर का दायरा और बेहतर हुआ है। इससे रोजाना बड़ी संख्या में लोग आसानी से कंफर्म टिकट पर सफर कर सकेंगे।


































