INDORE NEWS. शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए इंदौर पुलिस ने एक नई और अनूठी योजना शुरू की है। पुलिस ने 32 थानों में 64 ‘ड्रग्स शिकायत निवारण पेटियां’ लगाई हैं। इन पेटियों की खास बात यह है कि इन्हें ऐसे स्थानों पर लगाया गया है, जहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है, ताकि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जा सके।

पुलिस की अपील- “जानकारी दें, नाम नहीं”
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है, “हमें सिर्फ सूचना चाहिए, आपका नाम नहीं।” पुलिस थानों और क्राइम ब्रांच की टीमें बस्तियों में बैठकर रहवासियों को इस व्यवस्था की जानकारी दे रही हैं, ताकि लोग निर्भय होकर जानकारी साझा करें और नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बना सकें।
कुछ आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह व्यवस्था करीब 20 दिन पहले शुरू की गई थी और अब इसके नतीजे सामने आने लगे हैं। पेटियों से मिली कुछ शिकायतें सही निकलीं, जिन पर कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

अब आम जनता की भागीदारी
हर थाना क्षेत्र में दो-दो शिकायत पेटियां लगाई गई हैं। इन्हें नशे के हॉटस्पॉट इलाकों जैसे एयरपोर्ट, बाजार और थाना सीमाओं के समीप स्थापित किया गया है। इससे आम नागरिक बिना किसी डर या पहचान उजागर होने की चिंता के, नशे से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।

ACP रैंक के अधिकारी खोलेंगे पेटी
एडिशनल डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर यह पहल शुरू की गई है। पेटियों को हर सोमवार एसीपी रैंक के अधिकारी की मौजूदगी में खोला जाएगा, उसी दौरान दो स्थानीय नागरिक साक्षी के तौर पर मौजूद रहेंगे और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। शिकायतों पर दो दिन के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसकी निगरानी डीसीपी स्तर पर होगी और समग्र मॉनिटरिंग एडिशनल सीपी करेंगे।

राजेंद्र नगर में गांजा सप्लायर गिरफ्तार
अब तक इन पेटियों से पुलिस को एक दर्जन से अधिक शिकायतें मिली हैं। इनमें से कुछ झूठी पाई गईं, जबकि कई सही निकलीं। राजेंद्र नगर थाने में मिली एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोइथराम सब्ज़ी मंडी क्षेत्र से राहुल नामक व्यक्ति को गांजा सप्लाई करते पकड़ लिया।




































