BILASPUR NEWS. जोहार छत्तीसगढ़ के प्रमुख अमित बघेल के विवादित बयान को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। बिलासपुर में सिंधी समाज ने आज इसके विरोध में प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और अमित बघेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सिंधी समाज के लोग इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल रहे। उन्होंने अमित बघेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि, अमित बघेल ने विवादित बयान देकर पूरे सिंधी समाज, अग्रवाल समाज का अपमान किया है। इस तरह किसी के भी धर्म, संस्कृति परंपरा पर विवादित बोलना छत्तीसगढ़ की संस्कृति नहीं है। सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए अमित बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि अमित बघेल ने बीते दिनों सिंधी समाज के भगवान, अग्रसेन महराज और पंडित दीनदयाल पर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद से पूरे प्रदेश में समाज के लोग इसका विरोध कर रहे हैं।

रायगढ़ में सिंधी समाज ने की एफआईआर की मांग
रायगढ़ में सिंधी समाज के लोगों ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर की मांग की है। समाज के लोग काफी संख्या में इक्ट्ठा होकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और उन्हें आवदेन देकर जल्द ही कार्रवाई की मांग की है।
सिंधी समाज द्वारा सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा एक मीडिया में सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान वरुण देव के अवतार और जनमानस के आस्था के प्रतीक झूलेलाल भगवान के लिए अपमानजनक शब्द कहे गए हैं। इसके अलावा सिंधी समाज को पाकिस्तानी कहकर सिंधी समाज का घोर अपमान उसके द्वारा किया गया है। साथ ही हिन्दू समाज के आस्था के प्रतीक अग्र समाज के पूर्वज महाराजा अग्रसेन के ऊपर भी अमित बघेल के द्वारा अत्यंत अशोभनीय व विवादित टिप्पणी की गयी।
साथ ही श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर भी अभद्र टिप्पणी की गई है। जिससे पूरा सिंधी समाज के साथ-साथ भारत के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा है। कार्रवाई नहीं होने पर करेंगे उग्र आंदोलन ऐसे में सिंधी समाज के लोगों ने जोहार छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही FIR दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस बयान से मचा बवाल
बता दें कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल ने एक यूट्यूब चैनल को दिए बयान में कहा था पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अग्रसेन महाराज की मूर्ति क्यों नहीं टूटती है? इनकी मूर्ति पर पेशाब क्यों नहीं करते हैं? इस बयान के बाद से बीते दिन रायपुर में भी अग्रवाल समाज ने अमित बघेल पर कार्रवाई की मांग करते हुए मामला दर्ज करवाया था, उसके बाद अब सिंधी समाज ने कार्रवाई की मांग की है।





































