AMBIKAPUR NEWS. अम्बिकापुर शहर में बिगड़ती कानून वयस्था को लेकर कांग्रेस ने अम्बिकापुर कोतवाली का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन को जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का ज्ञापन सौंपा है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने चेतावनी भी दी कि अगर कानून वयस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो महिला कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। इधर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा वयस्था और पुलिसिंग में कही भी कोताही नहीं बरते जाने का दावा किया है।

दरअसल दशहरा के दिन अम्बिकापुर शहर में चाकू मारकर एक युवती की हत्या कर दी गई, तो वहीं महामाया मंदिर के पास भी धारदार हथियार से हमला कर युवक को घायल कर दिया गया। इसके अलावा शहर में लगातार चार महिलायें चैन स्नैचिंग का शिकार हुईं है। ऐसे में कांग्रेस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा किया है। कांग्रेस ने शहर की बिगड़ती कानून वयस्था को लेकर कोतवाली थाने का घेराव किया और कोतवाली के गेट पर बैठकर प्रदर्शन किया।

महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस का ख़ौफ़ अपराधियों से गायब हो गया है। आज दिन दहाड़े हत्या हो जा रही है और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता और पुलिस वारदात के बाद पहुंचती है। ऐसे में लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे? महिला कांग्रेस ने चेतावनी भी दी है कि अगर कानून व्यवस्था जल्द नहीं सुधरती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। हालाकि इस पर पुलिस विभाग किसी तरह की लापरवाही बरते जाने मामले से इनकार कर रही है और शहर में कानून वयस्था बेहतर होने का दावा भी कर रही है।

अम्बिकापुर में 4 महिलाओं से चैन स्नैचिंग की घटना
बता दें कि अम्बिकापुर में 4 महिलाओं से चैन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। जिसने त्योहारी सीजन में पुलिस व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। 2 महिलाओं की चैन स्नैचिंग पैलेस में हुई तो 2 महिलायें महामाया मंदिर में चैन स्नैचिंग का शिकार हुई। करीब 2 लाख से ज्यादा के चैन स्नैचिंग के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल दशहरे के दिन आम लोग बिना किसी डर के त्योहार का आनंद ले सके और अपराधी अपने मनसूबे में कामयाब न हो सके इसके लिए सरगुज़ा पुलिस ने चाक चौबंद पुलिस वयस्था के दावे किए थे। मगर पुलिस के दावों की पोल खोलते हुए अपराधियों ने सिर्फ शहर में हत्या की घटना को अंजाम दिया, बल्कि महिलायें चैन स्नैचिंग की घटनाओं की शिकार भी हुई।

कोतवाली क्षेत्र में ही 4 महिलाओं की गले से शातिर महिलाओं ने सोने की चैन पार कर दी। 2 महिलायें महामाया मंदिर में चैन स्नैचिंग की शिकार हुई जबकि 2 महिलाओं से चैन स्नैचिंग की घटना पैलेस घूमने के दौरान हुई। भीड़ का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस की तैनाती के बाद आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।