BHILAI NEWS. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) भिलाई नगर इकाई ने इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर की अव्यवस्थाओं और मूलभूत समस्याओं को लेकर सोमवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
नगर मंत्री आकाश कुमार साहू ने बताया कि कॉलेज में परीक्षा के दौरान बैठक व्यवस्था की कमी, पुस्तकालय का सीमित संचालन, खेल मैदान की अव्यवस्था, शौचालयों की जर्जर स्थिति, परिसर की साफ-सफाई की समस्या, सुरक्षा गार्डों की कमी और प्रतिमाओं की उपेक्षा जैसी परेशानियाँ लंबे समय से छात्रों को झेलनी पड़ रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो परिषद आंदोलन करने पर मजबूर होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर सह मंत्री अक्षय मिश्रा, उमंग वर्मा, महाविद्यालय प्रमुख पृथ्वी सिंह, कार्यकारिणी सदस्य प्रांजल मल्होत्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




































