RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर इंतजार खत्म हो गया है। मंत्रिमंडल के विस्तार की तारीख तय हो गई है। कल यानि 20 अगस्त को सुबह 11:00 बजे साय कैबिनेट में तीन नए मंत्री शपथ लेंगे। यह बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है।
दरअसल, सभी विधायकों को राजभवन से बुलावा आ गया है। कल सुबह 10:30 बजे सभी विधायक राजभवन जाएंगे। भाजपा विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला द्वारा एक पत्र सभी विधायकों के लिए जारी किया गया है। जिसमें सभी विधायको को कल राजभवन में बुलाया गया है।
आपको बता दें कि कल यानी बुधवार को मंत्रिमण्डल का विस्तार किया जाएगा। तीन नए विधायक साय कैबिनेट में शामिल होंगे। तीनों ही नए मंत्रियों को कल राजभवन में शपथ दिलाई जाएगी। हालांकि अब तक आधिकारिक रूप से यह तय नहीं हो सका है कि, किन तीन विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। मीडिया में कई नामों पर चर्चा जारी है। इनमें मुख्य रूप से राजेश अग्रवाल, खुशवंत साहेब और गजेंद्र यादव का नाम शामिल है।
आपको बता दें कि हाल ही में सीएम साय ने मीडिया से चर्चा में कहा था कि इंतजार करिए, जल्द ही विस्तार होगा। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार उनके विदेश दौरे से पहले भी हो भी सकता है। सीएम साय 22 अगस्त से पहले विदेश दौरे पर जा रहे हैं। बता दें कि सीएम साय ने हाल ही में दिल्ली से आने के बाद संकेत दिया था कि इंतजार खत्म होने वाला है।
ये हैं संभावित चेहरे
दुर्ग संभाग से विधायक गजेंद्र यादव
सरगुजा संभाग से अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल
रायपुर संभाग से आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बड़ी बात ये है कि ये तीनों विधायक कभी भी मंत्री नहीं रहे हैं। पहली बार मंत्री बन सकते हैं।
फेरबदल हुआ तो ये नाम भी संभावित
यदि उपरोक्त नामों में कुछ फेरबदल हुआ तो अमर अग्रवाल बिलासपुर संभाग से, राजेश मूणत रायपुर संभाग से, अजय चंद्राकर रायपुर संभाग से, किरण सिंहदेव बस्तर संभाग से नये मंत्री बन सकते हैं।
हरियाणा की तर्ज पर साय कैबिनेट का विस्तार
हरियाणा की विधानसभा में भी 90 विधायक हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं। हालांकि, छत्तीसगढ़ में राज्य बनने के बाद से 13 मंत्री ही बनते आए हैं, जबकि नियम के तहत विधायकों की संख्या के 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते है। इस नियम के तहत 90 विधायकों में 13.5 मंत्री बन सकते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।
क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण के आधार पर होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
साय कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। सबसे ज्यादा सरगुजा संभाग से मंत्री हैं। रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग से मात्र एक-एक मंत्री हैं। इसलिए रायपुर से राजेश मूणत और अजय चंद्राकर का नाम चर्चा में है। वहीं, बस्तर से केदार कश्यप अकेले मंत्री हैं, ऐसे में बस्तर से प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव का नाम भी सामने आ रहा है। बिलासपुर से रमन सरकार में मंत्री रहे अमर अग्रवाल का नाम चर्चा में है। इसके अलावा यादव समाज को प्रतिनिधित्व देने दुर्ग से गजेंद्र यादव, रायपुर से बीजेपी विधायक खूशवंत साहेब के नाम की चर्चा भी तेज है। साय कैबिनेट में मुख्यमंत्री सेत 12 मंत्री थे, लेकिन लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से मुख्यमंत्री साय 10 मंत्रियों के साथ काम कर रहे हैं।
साय कैबिनेट के वर्तमान में मंत्री
1 विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री
2 अरुण साव, उप मुख्यमंत्री
3 विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री
4 ओपी चौधरी, वित्त मंत्री
5 मंत्री केदार कश्यप, वन मंत्री
6 दयाल दास बघेल, खाद्य मंत्री
7 टंकराम वर्मा, खेल मंत्री
8 लखन लाल देवांगन, उद्योग मंत्री
9 श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री
10 रामविचार नेताम, आदिम जाति कल्याण मंत्री
11 लक्ष्मी राजवाड़े, महिला बाल विकास मंत्री