RAIPUR NEWS. केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को पद्म पुरस्कार 2025 के विजेताओं की घोषणा कर दी है। इनमें 7 हस्तियों को पद्म विभूषण, 113 को पद्म श्री और 19 को पदम भूषण से नवाजा गया है। 139 हस्तियों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म पुरस्कार दिए गए हैं जो तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री।

पद्मश्री पुरस्कारों की सूची में छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के गोंड मुरिया जनजाति के जाने-माने कलाकार पंडी राम मंडावी का नाम शामिल किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें पारंपरिक वाद्ययंत्र निर्माण और लकड़ी की शिल्पकला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पंडी राम मंडावी, जो 68 वर्ष के हैं, पिछले पांच दशकों से बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर को न केवल संरक्षित कर रहे हैं, बल्कि उसे नई पहचान भी दिला रहे हैं। उनकी विशेष पहचान बांस की बस्तर बांसुरी, जिसे ‘सुलुर’ कहा जाता है, के निर्माण में है। इसके अलावा, उन्होंने लकड़ी के पैनलों पर उभरे हुए चित्र, मूर्तियां और अन्य शिल्पकृतियों के माध्यम से अपनी कला को वैश्विक स्तर पर पहुंचाया है।

मध्यप्रदेश की तीन शख्सियत को पद्म श्री पुरस्कार मिला है। जिसमें शैली होल्कर, जगदीश जोशीला और भैरू सिंह चौहान के नाम शामिल हैं। जगदीश जोशीला खरगोन के रहने वाले निमाड़ी और हिंदी लेखक हैं। वह पहले निमाड़ी उपन्यासकार के तौर पर पहचान बना चुके हैं। वह 50 से ज्यादा उपन्यास लिख चुके हैं। इसके अलावा नाटक और कविताओं का भी लेखन करते हैं।

बता दें कि यह पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान, इंजीनियरिंग, व्यापार, उद्योग, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में महान काम करने वालों को दिया जाता है। गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कुवैत की योग टीचर शेख ए.जे. अल सबाह, उत्तराखंड के ट्रैवल ब्लॉगर दंपत्ति ह्यूग और कोलीन गैंटजर को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इन महान शख्सियतों को मिलेगा सम्मान
इनके अलावा पत्रकार भीम सिंह भावेश,सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए काम करने वाली नीरजा भाटला और कुवैत की योग टीचर शेख ए.जे. अल सबा भी पद्म श्री पुरस्कार पाने वालों की लिस्ट में शामिल हैं। नागालैंड के फल किसान एल हैंगथिंग, पुडुचेरी के वादक पी दत्चानमूर्ति। मराठी लेखक मारुति भुजंगराव चितमपल्ली और अन्य पद्म पुरस्कार विजेताओं की लिस्ट में शामिल हैं।

विलास डांगरे, वेंकप्पा अंबाजी सुगातेकर, हरिमन शर्मा, जुमदे योमगाम गामलिन, नरेन गुरुंग और बतूल बेगम, पंडि राम मंडावी, निर्मला देवी अन्य मशहूर हस्तियां हैं जिन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। लिस्ट में इन नामों के अलावा, गोकुल चंद्र दास (पारंपरिक वादक), वेलू आसान (पारंपरिक वादन), भीमावा डोड्डाबालप्पा (छाया चित्रण), परमार लावजीभाई नागजी भाई (बुनकरी), विजयलक्ष्मी देशमाने (कैंसर के खिलाफ जंग), चेतराम देवचंद पवार (वन रोपण), पांदी राम मांडवी (वाद्य यंत्र निर्माता), राधा बहन भट्ट (महिला सशक्तीकरण), सुरेश सोनी (कुष्ण रोगियों की सेवा) जैसे नाम भी शामिल हैं।



































