रायपुर। नवा रायपुर में चल रहा किसानों का प्रदर्शन 16वें दिन भी जारी रहा। 16 दिन बीतने के बाद भी छत्तीसगढ़ सरकार ने अब तक इन किसानों की सुध नहीं ली है। लगातार उपेक्षा से परेशान किसान अब अपने आंदोलन को उग्र करने की रणनीति बना रहे है।
आंदोलनरत किसानों का कहना है कि अब अगर गहरी नींद में सोई हुई सरकार उनकी नहीं सुन रही है, तो आंदोलन की नीति में थोड़ा बदलाव कर उसे उग्र रूप दिया जाएगा। ताकि सरकार की नींद टूट सके। किसानों का कहना है कि प्रदेश के किसानों के हित के लिए उस सरकार को जगाना है जो लखीमपुर खीरी तक सिर के बल दौड़ते चली गई और नवा रायपुर में प्रदर्शन कर रहे किसानों की सुध नहीं ले रही है।
प्रतिदिन की भांति आंदोलन का 16वां दिन भारत माता और महात्म गांधी की पूजा अर्चना और राष्ट्रगान के साथ शुरू हुआ। किसान मंच से रूपन लाल चन्द्राकर ने कहा कि हम अपना हक लेकर रहेंगे। हमने आपसी सहयोग और मजबूती के साथ आंदोलन के इतने दिन निकाल लिए है। आगे भी हमें एकजुट होकर रहना है और अपनी मांगों पर अड़े रहना है ताकि सरकार को हमारी मांगें सुननी पड़ी। हमें आने वाले समय के लिए और मजबूती से तैयार रहना होगा।
मुख्यमंत्री के निवास से लौटे थे बैरंग
आंलोदनरत किसानों ने कहा कि धान की कटाई के बाद छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े पर्व छेरछेरा पुन्नी में कोई भी किसान छेराछेरा मांगने पहुंचे किसान भाईयों, बहनों और बच्चों के लिए अपने घर का दरवाजा बंद नहीं करता। यह छत्तीसगढ़ की विडंबना है कि खुद को किसान कहने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर छेरछेरा मांग गई महिलाओं को बैरंग लौटना पड़ा।
लगातार मिल रहा सहयोग
संयुक्त किसान मोर्चा से अनिल दुबे ने किसानों के नास्ते के लिए पांच बोरा पोहा और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के साथियों द्वारा अपने -अपने क्षेत्र में छेरछेरा मांग किसान मंच को खाद्य सामग्री व नगद राशि दान किया गया। नवा रायपुर में बन रहे किसान भवन के निर्माण कार्य के लिए नगद राशि, ईट , रेती, गिट्टी, सरिया आदि सामाग्री का सहयोग और समर्थन लगातार मिल रहा है।
आंदोलन में यह हुए शामिल
आंदोलन के 16वें दिन छत्तीसगढ़ क्रांति सेना हिरेन्द साहू जिला महामंत्री, आशीष आजाद प्रदेश प्रभारी, लक्की वर्मा जिला महामंत्री, गोपी साहू युवा अध्यक्ष रायपुर, कुणाल बघेल क्रांति सेनानी, दादा ठाकुर रामगुलाम जी, अनिल दुबे जी संयुक्त किसान मोर्चा, कवि राज उपरवारा, अशोक साहू सरपंच तरीघाट , सरजू मानिकपुरी, बलदाऊ चन्द्राकर, कन्हैया सिन्हा, संतराम साहू जनपद सदस्य, विकास टण्डन जनपद सदस्य प्रतिनिधि, रामूपाल, मधुकांत साहू, रामजी घिदौडे, लक्ष्मी नारायण चन्द्राकर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ अभिकर्ता एवं निवेशक कल्याण एवं हेमलता यादव उपरवारा शामिल हुए।