LUCKNOW NEWS. छत्तीसगढ़ के बस्तर में भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (माओवादी) यानी नक्सलियों तक पहुंचने वाले हथियारों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। हथियारों की सप्लाई उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से की जा रही थी। यह खुलासा नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने किया है। इस मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि माओवादियों को किस तरह के हथियारों की सप्लाई प्रयागराज से की जा रही थी।
छत्तीसगढ़ के बस्तर और उसके आसपास के राज्यों में नक्सलियों के सफाए के लिए केन्द्र सरकार सख्त दिख रही है। लगातार एक्शन हो रहे हैं। मुठभेड़ में नक्सलियों को मार गिराया जा रहा है। इसी बीच सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। NIA ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से दो ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो बस्तर में नक्सलियों को हथियारों की सप्लाई कर रहे थे। इन हथियारों में गोला-बारूद भी शामिल है।
ये भी पढ़ेंःफर्जी कलेक्टर गिरफ्तार… महिला सरपंच से कमीशन के लाख रुपए मांगकर फंसा युवक
NIA द्वारा पिछले दिनों जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि शुक्रवार को हथियारों की सप्लाई में शामिल प्रयागराज के सुधीर त्रिपाठी और सूरज निषाद को गिरफ्तार किया गया है। नक्सलियों को हथियार सप्लाई के मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया चुका है। चार आरोपियों की गिरफ्तारी पिछले साल यानी 2023 में जनवरी के महीने में की गई थी। आरोपियों के पास से हथियारों के साथ गोला-बारूद भी बरामद किया गया था।
इसके बाद यह मामला जनवरी में NIA को सौंप दिया गया था। NIA ने अपनी जांच में पाया कि प्रयागराज के सुधीर त्रिपाठी और सूरज निषाद बस्तर क्षेत्र के नक्सलियों के संपर्क में हैं। दोनों के द्वारा नक्सलियों को लगातार हथियार, गोला-बारूद और रसद की सप्लाई की जा रही है।