RAIPUR. बस्तर में नक्सलियों को खत्म करने के लिए सरकार ने अपनी लड़ाई तेज कर दी है। इस बीच, बीजापुर जिले के तर्रेम में नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए और 4 घायल भी हो गए हैं। शहीद जवानों में एक रायपुर का है, जिसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चौथी बटालियन माना में पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्रीटंकराम वर्मा ने भी शहीद जवान को नमन किया।
शहीद जवान भरतलाल साहू के पार्थिव शरीर पर सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर ससम्मान निवास रायपुर के सड्डू के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान शहीद जवान भरत लाल साहू के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री कहा कि बीजापुर जिले के तर्रेम में हुए आइईडी ब्लास्ट में हमारे वीर जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। हमारी सरकार बनते ही हमने माओवादियों के खिलाफ अपनी लड़ाई तेज कर दी है और हम निर्णायक लड़ाई लड़ रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।
बता दें कि एसटीएफ के शहीद आरक्षक भरतलाल साहू रायपुर जिले के रहने वाले थे। पिछले 17 जुलाई को बीजापुर जिले के तर्रेम में एसटीएफ का बल नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना हुआ था। अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट में सुरक्षाबल के दो जवान शहीद और 4 जवान घायल हुए।
इससे एक दिन पहले यानी 18 जुलाई की शाम को बीजापुर के तर्रेम में IED ब्लास्ट में घायल हुए जवानों को रायपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनसे मुलाकात करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे। जवानों का उन्होंने हाल-चाल जाना।