अभय तिवारी
RAIPUR. लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने के बाद तमाम ऐसे रोचक तथ्य भी सामने आए हैं। इस चुनाव में जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA की सरकार बनाने का जनादेश तो दिया पर साथ ही अनेक प्रांतों की कुछ सीटों पर कुछ ऐसा जनादेश भी दिया, जो चौंकाने वाला है। जनता ने लोकतंत्र के महापर्व से जिन रोचक तथ्यों को जनता के सामने रखने की कोशिश की, उनमे से कुछ तथ्यों tirandaj.com ने भी खोजे हैं।
नरेंद्र मोदी की जीत का अंतर घटना
मतदान के दिन कन्याकुमारी में ध्यान लगाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से लोकसभा प्रत्याशी थे। 2014 में नरेंद्र मोदी पहली बार यह से सांसद बन कर प्रधानमंत्री बने थे। तब 3,71,784 वोटों से जीत मिली थी। 2019 में जीत का यह अंतर बढ़कर 4,79,505 पहुंच गया था। इस बार यह अंतर घाट कर 1,52,513 हो गया। गौर करने वाली बात है कि तीनों बार कांग्रेस से अजय राय नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ कांग्रेस से मैदान में थे।
फ़ैज़ाबाद (अयोध्या) में भाजपा की हार
22 जनवरी 2024 को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद से ही लगने लगा था कि भाजपा के लिए उत्तर प्रदेश की फ़ैज़ाबाद सीट से नतीजा उनके पक्ष में आएगा। लेकिन नतीजों के दिन यहाँ से एक बड़ा उलटफेर होता हुआ दिखा। समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद ने भाजपा के लल्लू सिंह को 54,567 वोट से मात दे दी। भाजपा उत्तर प्रदेश में 10 साल के अपनी सबसे कम 33 सीट पर पहुँच गई है।
बिहार में नीतीश अब भी स्वीकार्य, तेजस्वी की आयी 4 सीट
लोकसभा चुनाव के पहले इंडिया गठबंधन से NDA में गये नीतीश कुमार पर बिहार की जनता ने अपना विश्वास नहीं खोया है। जदयू ने बिहार में 12 सीटें जीती। वहीं युवाओं के समर्थन के विश्वास में चुनावी बिगुल फूंकने वाले तेजस्वी यादव को 4 सीट पर ही जीत मिली है।
महाराष्ट्र को पसंद नहीं आयी एकनाथ और अजीत की दोस्ती
कांग्रेस महाराष्ट्र में अपना सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 13 सीट के साथ अपने 2019 के 1 सीट के प्रदर्शन से बेहतर करती दिखी। भाजपा 2019 में मिली 23 सीट से घटकर 9 पर आ गई। उद्धव ठाकरे की शिवसेना को भी इतनी ही सीटें मिली हैं। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 7 सीट पर जीत मिली। शरद पवार की एनसीपी को 8 तो उनके भतीजे अजीत पवार की एनसीपी को 1 सीट पर ही जीत मिली। एनडीए कुल मिलाकर यहाँ 17 सीट ही जीत पायी। इंडिया गठबंधन के 30 सदस्य लोक सभा पहुँचे।
मध्य प्रदेश और दिल्ली में भाजपा का क्लीन स्वीप
मध्य प्रदेश की सभी 29 और दिल्ली की सभी 7 सीटों पर भाजपा के पक्ष में शत प्रतिशत नतीजे आये हैं। यहाँ की जनता ने नरेंद्र मोदी जी पर विश्वास दिखाते हुए भाजपा को सभी सीटों में विजय बनाया। जीत का अंतर भी काफ़ी बड़ा था। मध्य प्रदेश की ही विदिशा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8,21,408 वोटों से बड़ी जीत हासिल की थी। कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ जो 2019 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस से अकेले सांसद थे, वह भी इस बार अपनी सीट से 1,13,618 मतों से चुनाव हार गए।
जेल से जीते ये प्रत्याशी
लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों में दो सीट ऐसी भी हैं, जहां प्रत्याशी जेल में रह कर चुनाव जीत गये। पहले हैं जम्मू कश्मीर की बारामूला सीट से अब्दुल राशिद शेख। इन्होंने दो बार जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री रहे उमर अब्दुल्ला को 2,01,142 वोटों से हराया। राशिद शेख पर टेरर फंडिंग का आरोप है। इसके चलते वह अभी जेल में हैं। जेल में रहकर चुनाव जीतने वाले दूसरे प्रत्याशी हैं अमृतपाल सिंह जो की पंजाब कि खडुर साहिब सीट से प्रत्याशी थे। इन्होंने कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा को 1,97,120 मतों से हराया। खलिस्तानी आंदोलन के समय अमृतपाल सिंह को जेल हुई थी।
जिस सीट पर जीत का अंतर सबसे बड़ा वहाँ नोटा रहा दूसरे स्थान पर
इंदौर की सीट जहां कांग्रेस के प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस ले लिया था, वहाँ से भाजपा के शंकर लालवानी 10,08,077 मतों से जीत हासिल की है। यह 543 सीटों में से किसी भी सीट पर सबसे बड़ा जीत का अंतर है। गौर करने की बात यह है कि इसी सीट पर नोटा दूसरे स्थान पर रहा। नोटा पर 2,18,674 वोट पड़े। यह लोकसभा 2024 में नोटा पर पड़ने वाले किसी भी सीट पर सबसे ज़्यादा वोट है।