NEW DELHI. छत्तीसगढ़ समेत देशभर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए अच्छी खबर आई है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल (मुख्य) परीक्षा 2023 के अंतिम नतीजों (UPSC CSE 2023 Final Result) की घोषणा कर दी गई है।

इसके साथ ही UPSC द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2023 की परीक्षा के लिए घोषित रिक्तियों के सापेक्ष 1016 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया गया है।

जारी परिणाम के मुताबिक CSE 2023 में आदित्य श्रीवास्तव ने टॉप (AIR 1) किया है। वहीं, इसके बाद अनिमेष प्रधान ने दूसरा (AIR 2) और डोनुरू अनन्या रेड्डी ने तीसरा (AIR 3) स्थान प्राप्त किया है। इस परीक्षा में सफल घोषित किए गए सभी उम्मीदवारों सूची UPSC की आधिकारिक वेबसाइट, upsc.gov.in पर देख सकते हैं।

बता दें कि UPSC ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2023 के लिए अधिसूचना 1 फरवरी को जारी की थी और आवेदन प्रक्रिया 21 फरवरी तक चली थी। इसके बाद प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 28 मई को किया गया था,

जिसके नतीजे 12 जून को घोषित किए गए थे। इसमें सफल घोषित उम्मीदवारों के लिए मुख्य परीक्षा का आयोजन 15 से 24 सितंबर तक किया गया था और परिणाम 8 दिसंबर 2023 को जारी किए गए थे।

इसके बाद मुख्य परीक्षा के द्वितीय चरण यानी साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण चरण का आयोजन तीन चरणों में 2 जनवरी से 16 फरवरी, 19 फरवरी से 15 मार्च और फिर 18 मार्च से 9 अप्रैल तक किया गया था। इसके बाद अब अंतिम नतीजों की घोषणा किए जाने का इंतजार समाप्त हो गया है।

ये हैं टॉप 10 सफल उम्मीदवार
रैंक रोल नंबर नाम
1. 2629523 आदित्य श्रीवास्तव
2. 6312512 अनिमेष प्रधान
3. 1013595 डोनुरू अनन्या रेड्डी
4. 1903299 पी के सिद्धार्थ रामकुमार
5. 6312407 रुहानी

6. 0501579 सृष्टि डबास
7. 3406060 अनमोल राठौड़
8. 1121316 आशीष कुमार
9. 6016094 नौशीन
10. 2637654 ऐश्वर्यम प्रजापति




































