BHILAI. दुर्ग जिले में पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के द्वारा पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर 6 भिलाई में पुलिस अधीक्षक दुर्ग जितेन्द्र शुक्ला के साथ जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों की उपस्थिति में अपराध समीक्षा बैठक ली गई। जिले में बढ़ते अपराधों के रोकथाम तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही हेतु यह समीक्षा बैठक ली गई। इस बैठक में कानून व सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखते हुए बेहतर पुलिसिंग के बारे में निर्देश दिए गए।



सायबर अपराध पर नियंत्रण
इसके अलावा सायबर अपराध पर नियंत्रण हेतु रेंज तथा जिलों में सायबर प्रहरी का प्रचार-प्रसार में और तेजी लाने, आम जनता को जाकरूक करने के लिए अधिक से अधिक वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ कर आवश्यक जानकारी देकर ‘त्रिनयन एप’ के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। वही समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को सोशल मीडिया पर नजर बनाए रखने, सायबर प्रहरी ग्रुप बनाने, ऑनलाईन फायनेंसियल फ्राड, साइबर क्राईम, सोशल मीडिया के माध्यम से हो रहे अपराधों के संबंध में आम जनता को जागरूक करने और आम जनता की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्यवाही करने निर्देशित किया गया।

अवैध कारोबार और नशे पर कार्यवाही
अपराध नियंत्रण एवं लघु अधिनियम प्रकरणों में ध्यान देने, थाना/चौकी प्रभारियो को अवैध कारोबारियो, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवा एवं अन्य अवैध कार्यो में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मर्ग, गुम इंसान, लंबित शिकायों का जल्द से जल्द समाधान करने कहा गया। लंबित संमंस, लंबित वारंट अभियान चलाकर स्थायी वारंट की तामिली किये जाने, असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने, क्षेत्र में हो रहे अपराध नियंत्रण हेतु मुखबीरी/सूत्रों को बनाये रखने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की समीक्षा और मानिटरिंग कर समय सीमा में निराकरण करने निर्देश दिए गए।

मजबूत सूचना तंत्र पर जोर
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी, विवेचकों और आरक्षकों को संवेदनशील तथा मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने मॉनिटर किया गया। इसके साथ ही बेहतर बेहतर पुलिसिंग के टिप्स और ट्रिक्स बताए गए। भीड़–भाड़ वाली जगहों पर अपराधों पर अंकुश लगाने रात्रि में गस्त के दौरान लगातार पेट्रोंलिंग के लिए निर्देश दिए गए।

नेविगेशन ट्रैकिंग सिस्टम के साथ पेट्रोलिंग
सड़कों और चौक–चौराहों के अलावा गाली– मोहल्ले में भी कोई अपराध न हो इसके लिए अब पेट्रोलिंग वाहन के साथ बाइक पेट्रोलिंग भी की जाएगी। इस पेट्रोलिंग की मॉनिटरिंग ‘नेविगेशन ट्रैकिंग सिस्टम’ के मध्यम से की जाएगी। गश्त करने वाले ड्यूटी में तैनात जवानों के मोबाइल फोन में एक एप्लीकेशन इंस्टॉल कर उनका पोजिशन जीपीएस के माध्यम से ट्रैक किया जाएगा।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईजी कार्यालय पदमश्री तंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दुर्ग अभिषेक झा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अनुराग झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्लू मीता पवार, प्रशिक्षु आईपीएस अक्षय प्रमोद सबद्र, सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी थाना एवं चौकी प्रभारी पुलिस विभाग के अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहें।




































