RAIPUR. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में BJP ने 11 लोकसभा सीटों को तीन क्लस्टरों में बांटा है, जिसमें बस्तर, रायपुर और बिलासपुर शामिल है। इसमें विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
बस्तर क्लस्टर में बस्तर, कांकेर और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों को रखा गया है। इसके लिए प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेंडी और यशवंत जैन को प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा रायपुर क्लस्टर के तहत दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर और जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रदेश प्रवक्ता, पूर्व मंत्री व विधायक राजेश मूणत, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव और पूर्व रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष राजीव अग्रवाल प्रभारी बनाए गए हैं। बता दें कि हर मोर्चे पर विपक्ष को जवाब देने और अपनी बात रखने के लिए सभी लोकसभा क्षेत्रों में दमदार नेताओं को मैदान में उतारा जा रहा है।
वहीं, बिलासपुर क्लस्टर में बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके लिए पूर्व मंत्री व विधायक अमर अग्रवाल, पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा और कृष्णा राय को प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। बता दें कि सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर सभी लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य देकर दायित्व सौंपा जा रहा है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से विभिन्न गतिविधियों को संचालित करने के लिए सात समितियां गठित कर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
लगातार हो रही बैठकें, 11 सीटें जीतनें पार्टी ने कसी कमर
इसके साथ ही लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, चुनाव सह प्रभारी डॉ. मनसुख मांडविया सहित केंद्रीय व प्रादेशिक नेतृत्व ने पदाधिकारियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है। प्रदेश में कार्यकर्ता सम्मेलनों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत लोकसभावार मंत्री, संगठन प्रभारी पहुँच रहे हैं और विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करके उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।