RAIPUR. छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य में राजीव गांधी के सपनों को साकार रूप दिया जा रहा है। इसमें हर वर्ग, हर समाज, व हर क्षेत्र को बड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। आज महासमुंद में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो संदेश के जरिए सोनिया गांधी ने कहा कि, सही मायनों में राजीव गांधी के प्रति यही सच्ची श्रद्धांजलि है।
आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों के खाते में 2055 करोड़ 60 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की। उन्होंने महासमुंद जिले में 704 करोड़ रुपए के 224 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। वही मुख्यमंत्री ने 18 नई तहसील और 13 नये अनुविभागीय कार्यालयों का उद्घाटन भी किया। इन्हें मिलाकर प्रदेश में अब 250 तहसील और 122 अनुविभाग हो गए है। इस दौरान महासमुंद नगर पालिका को नगर पालिक निगम बनाने, ग्राम पंचायत भोरिंग को नगर पंचायत बनाने तथा महासमुंद में अगले वर्ष के बजट में कंपोजिट बिल्डिंग बनवाने की घोषणा भी की है।
सोनिया गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि अगर हम कृषि की प्रगति को कायम नहीं रख पाये तो देश से हम गरीबी नहीं हटा पाएंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजीव गांधी के सपनों को साकार किया हैं। लाखों किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। सोनिया गांधी ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरकारी सब्सिडी के अलावा छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बहुत से कार्य किए है और कई बड़े फैसले लिए है। यह सब दूसरे प्रदेशों के लिए एक मिसाल हैं। आगे उन्होंने कहा कि राजीव कहते थे कि भारत एक प्राचीन देश है लेकिन एक युवा राष्ट्र है। उन्हीं के शब्दों में मैं नौजवान हूँ और मेरा भी सपना है। भारत को मजबूत, स्वतंत्र, आत्मनिर्भर तथा दुनिया के सभी देशों में प्रथम स्थान पर लाना मेरा सपना है। देश के युवा और किसानों के बिना राजीव गांधी का यह सपना पूरा नहीं हो सकता। देश के किसानों से राजीव गांधी का अटूट लगाव था।
40 लाख लोगों को पांच सालों में निकाला गरीबी से बाहर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में 40 लाख लोग पिछले पांच सालों में गरीबी से बाहर आ चुके हैं। इसमें कबीरधाम, सरगुजा और दंतेवाड़ा में 23 से 25 प्रतिशत लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं। वही रायपुर, धमतरी और बालोद जिले में गरीबी दस प्रतिशत से भी कम रह गई है।उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सबसे बड़ा काम किसानों की मजबूती को लेकर किया। किसान के मजबूत होने से अर्थव्यवस्था मजबूत हुई। धान खरीदी की व्यवस्था बेहतर हुई।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि, पहले केवल 6 मेडिकल कालेज थे, हमने एक मेडिकल कालेज का अधिग्रहण करते हुए 4 मेडिकल कालेज खोले। अब चार नये मेडिकल कालेज भी खोलने जा रहे हैं। इस तरह मेडिकल कालेज की संख्या 14 हो जाएगी। वही राशन कार्ड सुविधा के बारे में बताते हुए कहा कि 74 लाख राशन कार्ड बनाए जा चुके है। और अब 42 लाख परिवार बिजली बिल हाफ योजना का लाभ उठा रहे हैं। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना अंतर्गत 377 इंग्लिश मीडियम के तथा 349 हिंदी मीडियम के स्कूल खोले गए। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि को सहेजने का भी काम भी हुआ है। भांचा राम से जुड़े वन गमन स्थलों को में भी विकास किया गया है। कौशल्या माता के मंदिर की चर्चा अब देश दुनिया में हो रही है। आदिवासी महोत्सव के माध्यम से अपनी संस्कृति भी सहेजी जा रही है।
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, गृह मंत्री एवं महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, जलसंसाधन मंत्री रविंद्र चौबे, बस्तर सांसद दीपक बैज भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, नगरीय विकास विभाग मंत्री डॉ. शिव डहरिया, आदिम जाति जनजाति विकास विभाग मंत्री मोहन मरकाम, राज्यसभा सांसद श्रीमती फूलोदेवी नेताम सहित छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव, विधायक समेत अनेक जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
हितग्राहियों के खाते में अब तक भेजे गए 2055 करोड़ 60 लाख रुपए
मुख्यमंत्री ने किसानों के खाते में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की द्वितीय किश्त 1810 करोड़ रुपए ट्रांसफर की। आज दी गई राशि को मिलाकर अब तक प्रदेश के 24 लाख 30 हजार किसानों को 21 हजार 912 करोड़ रुपए की इनपुट सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है। राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की दूसरी किश्त के रूप में 168 करोड़ 63 लाख रुपए की राशि का भुगतान किया गया । अब तक इस योजना के 5 लाख 60 हजार हितग्राहियों को 758 करोड़ 03 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। राजीव युवा मितान क्लबों को 66 करोड़ 21 लाख रुपए का भुगतान किया गया। अब तक 13 हजार 242 क्लबों को 132 करोड़ 48 लाख रुपए की राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 65 लाख रुपए की राशि का भुगतान किया। इस राशि को मिलाकर अब तक महिला स्वसहायता समूहों, गौठान समितियों और ग्रामीणों को 551 करोड़ 31 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री परब सम्मान निधि योजना के अंतर्गत गैर अनुसूचित क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को 1 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि का अंतरण किया। अब तक 6111 ग्राम पंचायतों को स्थानीय उत्सवों को मनाने 6 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
322 करोड़ रुपए से बनने वाले मेडिकल कालेज भवन की रखी आधारशिला
मुख्यमंत्री ने महासमुंद जिले में 704 करोड़ रुपए के 224
आज मुख्यमंत्री ने 322 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत से महासमुंद में बनने वाले मेडिकल कालेज भवन निर्माण की आधारशिला रखी। साथ ही 6 करोड़ रुपए की लागत से सेंट्रल लाइब्रेरी भवन का भूमिपूजन और जिला अस्पताल महासमुंद में फिजियोथैरेपी बिल्डिंग, सीएचसी पिथौरा में ब्लड बैंक और हमर लैब जैसे कार्यों का लोकार्पण भी किया।
50 मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिटों को किया रवाना
सीएम बघेल ने कार्यक्रम में महासमुंद के लिए 7 और संभाग के अन्य जिलों के लिए 43 मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिटों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश भर में ऐसे 163 मोबाइल वैन शुरू किए गए हैं। इसके अलावा फ्री पशु चिकित्सा सुविधा एवं टोल फ्री नंबर 1962 भी जारी किया गया है।