BHILAI. भिलाई में स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही सख्ती भी बरती जा रही है। अब यहां गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं। नियमों को तोड़ने वालों को फाइन ठोका जाएगा। शहर के आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने भिलाई निगम द्वारा प्रयास किया जा रहा है। अब गली, मोहल्लों में गंदगी से मुक्ति दिलाने GVP पाइंट को समाप्त कर रहे है। क्योंकि लोग वहां कचरा न फेंके और ‘स्वच्छ एवं सुंदर भिलाई’ के नारे को अमलीजामा पहनाया जा सकें। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते पाए जाने पर अर्थदंड वसूला जाएगा।
भिलाई निगम के कमिश्नर रोहित व्यास के निर्देश पर स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 की स्पर्धा में भिलाई निगम को पहले स्थान पर लाने स्वच्छता के हर मापदंडों पर काम किया जा रहा है। निगम प्रशासन मार्केट इलाके और रोड किनारे खाद्य सामग्री विक्रय करने वालों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने समझाइश दी जा रही है। साथ ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने हिदायत भी दी जा रही है। ताकि भीड़भाड़ वाले इलाके में बेतरतीब गंदगी न फैले।

स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत भिलाई निगम द्वारा बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। रोड, नाली की सफाई के साथ ही डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन भी तय वक्त पर किया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान में शहर के आमजनों की महती भूमिका है इनसे निरंतर स्वच्छता बनाए रखने अपील की जा रही है। जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि जिस इलाके में लोग बेतरतीब ढंग से कचरा फेंकते थे उन इलाकों में स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। कचरा फेंकने वाले GVP पॉइंट को समाप्त कर वहां पर साफ-सफाई किया जा रहा है। क्षेत्र की सफाई कर चूना, ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। बावजूद इसके कोई कचरा फेंकता है तो फाइन लिया जाएगा। छोटे-छोटे कचरा पॉइंट को खत्म कर स्पॉट को स्वच्छ एवं सुंदर रखने बनाया जाएगा।





































