RAIPUR. राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान के पास प्रस्तावित चौपाटी के विरोध में बीते 11 दिनों से जारी भारतीय जनता पार्टी का धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है । पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने सभा में इसकी घोषणा की है। इसके पहले पूर्व सीएम ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से चर्चा की और कहा कि केंद्रीय मंत्री ने वादा किया है कि रायपुर में स्मार्ट सिटी के सभी कार्यों की जांच कराई जाएगी और दोषी व्यक्तियों को सजा भी दिलाई जाएगी।
डॉ.रमन सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के बाद राजेश मूणत के नेतृत्व में चल रहे धरना प्रदर्शन को स्थगित किया जा रहा है, परंतु प्रत्येक वार्डों में स्मार्ट सिटी व नगर निगम के भ्रष्टाचार व इस सरकार की कारगुजारी के खिलाफ भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। भाजपा के धरना प्रदर्शन और आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा के समय पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के अलावा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, समेत कई भाजपा नेता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आने वाले समय में सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए बात भी कही है।

गौरतलब है कि बीते 11 दिनों से जारी यह आंदोलन में पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में रायपुर शहर में चल रहा है। चौपाटी हटाओ की मांग को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को संबोधित करते हुए राजेश मूणत ने राज्य सरकार, महापौर और स्मार्टसिटी अधिकारियों को जमकर आड़े हाथ लिया। मूणत ने कहा कि पहले मामला सिर्फ बच्चों के भविष्य संरक्षण का था। हम इसके लिए आंदोलनरत हुए लेकिन जब हमने धीरे-धीरे इसकी तह पर जाना चालू किया तो हमे गड़बड़ियों और अनियमितताओं का अंबार नजर आया।




































