BILASPUR. अचानकमार टाइगर रिजर्व में एक बार फिर हाथियों के आतंक की खबर सामने आई है। एटीआर से लगे एक गांव में घुसकर हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया है। हाथियों ने पांच मकानों को तहस-नहस कर दिया। वहीं रहवासियों ने भागकर अपनी जान बचाई। लेकिन, इसी बीच एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला गर्भवती थी और भागते समय जमीन पर गिर गई थी। इसके बाद से ही पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

आपको बता दें कि टाइगर रिजर्व में जशपुर व सरगुजा के साथ ही कोरबा के जटगा पसान जैसे इलाके से हाथी आ जाते हैं। वहीं मध्य प्रदेश के जंगल में जाने के दौरान भी वो इस इलाके से गुजरते हैं। इस दौरान वो जमकर आतंक मचाते हैं। इसके अलावा कभी-कभी मकानो, फसलों को रौंदते हैं। इतना ही नहीं वो इंसानों तक पर हमला कर देते है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात विचरण करते हुए कुछ हाथियों का एक दल गांव में घुस गया। बताया जा रहा है कि गांव के लोगों को न ही वन विभाग और न विभागीय अमले की तरफ से अलर्ट किया गया था। गांव वालों को अचानक ही हाथियों के प्रवेश की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों तक इसकी सूचना पहुंचते हुए उन्हें सतर्क किया। गांव में प्रवेश करने के बाद हाथी मकानों को नुकसान पहुंचाने लगे। हमले के बाद लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकाने की ओर भागने लगे। इसी बीच एक दर्दनाक घटना घट गई। जान बचाने के लिए भाग रही एक गर्भवती महिला जमीन पर गिर गई। इस हादसे की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान गांव में अफरातरफी का माहौल रहा। सुबह होते-होते हठी जंगल की तरफ चले गए।






































