SURAT. गुजरात के सूरत में एक शख्स ने रविवार की रात को अपनी पूर्व-पत्नी को जहरीला इंजेक्शन लगाकर उसकी हत्या की कोशिश की। महिला ने किसी तरह रांदेर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई। यहां से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ठीक होने के बाद उसने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूरत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है। उसकी पहचान शंकर कांबली के रूप में हुई है। पुलिस ने खून के नमूने और बोतल को रिपोर्ट के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आरोपी पति के खिलाफ और धाराएं बढ़ाईं जाएंगी।
रांदेर पुलिस उप निरीक्षक एचएन परमार ने बताया कि जहर देने, दुर्भावना से अपराध करने, खतरनाक हथियार से जानबूझकर चोट पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पति से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से एक बोतल बरामद हुई है। इसमें खून लाया गया था। पुलिस उसे दिन में अपराध स्थल पर ले जाएगी, जहां आरोपी ने यास्मीन को इंजेक्शन लगाया था। इसके साथ ही हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन की तलाश करने की कोशिश करेगी, जिसे उसने पूर्व पत्नी को लगाया था।

दो महीने पहले हुआ तलाक
पीड़िता यास्मीन ने रांदेर पुलिस को बताया कि 15 साल पहले उसकी और शंकर कांबली की शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। मगर, पति उस पर संदेह करता था। उसे लगता था कि किसी दूसरे शख्स के साथ मेरे विवाहेतर संबंध थे। शादी के कुछ साल बाद ही वह मार-पीट करने लगा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था। इसके चलते उसने तलाक की याचिका डाली थी और फैमिली कोर्ट ने दो महीने पहले ही दोनों का तलाक करा दिया था।





































