MALAPPURAM. कोझिकोड हवाईअड्डे के बाहर पुलिस ने 19 साल की एक लड़की को गिरफ्तार किया है। वह अपने इनरवियर में करीब 1,884 ग्राम सोना छिपाकर ले जा रही थी। पकड़े गए सोने की कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है। मलप्पुरम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुचित दास और उनकी टीम ने मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर लड़की को गिरफ्तार किया था।
इससे पहले वह लड़की रविवार देर रात हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क के जांच अधिकारियों को धोखा देकर हवाईअड्डे पर बाहर निकलने में कामयाब हो गई थी। बाद में लड़की की जांच में पता चला कि इसके इनरवियर में तीन पैकेट बने हुए थे। इसमें वह करीब दो किलो सोना छिपाकर लाई थी।

दुबई से सोना लेकर निकली थी
पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़की की शिनाख्त शाहला के रूप में हुई है और वह कासरगोड की रहने वाली है। वह दुबई से सोना लेकर आ रही थी। कोझीकोड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वह सीमा शुल्क अधिकारियों को धोखा देकर बाहर आने में कामयाब हो गई थी। हालांकि, पुलिस ने लड़की को हवाई अड्डे के बाहर हिरासत में ले लिया।
शुरू में उसने सभी पूछताछ का विरोध किया। लड़की पुलिस पर दबाव बना रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उसके पास स्मगलिंग कर लाया गया सोना है। मगर, उसके पूरे सामान की अच्छी तरह से जांच करने के बाद पुलिस के हाथ खाली थे। हालांकि, जब उसके कपड़ों की बारीकी से तलाशी ली गई, तो सोना बरामद हो गया।







































