TIRANDAJ.COM आपने फेविक्विक का एक विज्ञापन जरूर देखा होगा। इसमें एक शख्स एक छड़ी पर फेविक्विक लगाकर नदी में डालता है और कुछ ही सेकेंड्स में कुछ मछलियां उसकी स्टिक पर चिपकी हुई मिलती हैं। वहीं, उसके बगल में बैठा शख्स मछली पकड़ने वाली स्टिक लिए घंटों से बैठा होता है। कुछ ऐसा ही लेकिन असल जिंदगी में करने वाले एक शख्स का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
इसे देखकर आपका मछली पकड़ने का अनुभव भी पूरी तरह से बदल सकता है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग शख्स छोटी मछली को चारे के तौर पर इस्तेमाल करता है। वह छोटी मछलियों को पानी में छोड़ता है। जैसे ही बड़ी मछली उसे खाने के लिए ऊपर आती है, वह हाथों से उसे पकड़कर पानी के बाहर निकाल लेता है।
पहली नजर में यकीन करना यूजर्स के लिए बेहद मुश्किल है। क्योंकि मछली पकड़ने के बेहद मुश्किल काम को एक बुजुर्ग बड़ी आसानी से करते हुए देखा जा सकता है। वायरल हो रहे इस वीडियो को कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है।

इस वीडियो को यूट्यूब पर लंकर विले नाम के चैनल पर पोस्ट किया गया था। वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति को रैंप पर लेटकर एक छोटी मरी हुई मछली को सतह पर छोड़ते हुए देखा जा सकता है। उसे खाने के लालच में बड़ी मछली तेजी से ऊपर की तरफ आती है और तभी वह शख्स खेल कर जाता है।

अपने अनुभव का उपयोग करते हुए बुजुर्ग व्यक्ति अपने नंगे हाथ से मछली को मुंह से पकड़ लेता है और एक झटके में पानी से बाहर निकाल देता है। यह काम इतनी जल्दी किया जाता है कि कुछ उपयोगकर्ता बार-बार वीडियो देखते देखे जा सकते हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के साथ ही यह वीडियो सभी को हैरान भी कर रहा है।








































