ODISHA. ओडिशा के बलांगिर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। स्कूल में प्रैक्टिस सेशन के दौरान एक छात्र के गर्दन से भाला आर-पार हो गया। छात्र को तुरंत बलांगिर के भीमा भोई मेडिकल कॉलेज ले जाय गया। फिलहाल वो खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार ओडिशा के बलांगिर जिले के अगलपुर बॉयज पंचायत हाई स्कूल में अभ्यास सत्र के दौरान की वार्षिक खेल प्रतियोगिता (Annual Sports Meet) के दौरान एक छात्र ने भाला फेंका जो पास ही खड़े दूसरे छात्र सदानंद मेहर की गर्दन से आर-पार हो गया। भाला सदानंद की गर्दन के दाईं ओर से लगते हुए बाईं तरफ पार हो गया। घटना के तुरंत बाद फंसे भाले के साथ घायल सदानंद को बलांगिर के भीमा भोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने मेहर की गर्दन से भाले को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल मेहर आईसीयू में भर्ती है, और उसका इलाज किया जा रहा है। बच्चे के चाचा अच्युतानंद मेहर ने बताया कि स्कूल के अधिकारियों ने हमें दुर्घटना के बारे में सूचना दी थी। वहीं, स्कूल में चल रही खेल प्रतियोगिता को इस हादसे के बाद स्थगित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी (DM) चंचल राणा ने बताया कि अगलपुर बॉयज पंचायत हाई स्कूल में एक स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया था। जहां यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई। राहत की बात यह है कि बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर है। उन्होंने छात्र के परिवार को तत्काल 30 हजार रुपये की सहायता देने का आदेश दिया है।
वहीं राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने निर्देश दिया है कि घायल छात्र को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाए। इलाज में लगाने वाली धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जाएगी।




































