RAIPUR. सर्दियों का शुरुआती सुहावना मौसम सेहत और खूबसूरती पर असर डालने लगा है। इस समय मौसम में अचानक आए बदलाव का असर आपकी त्वचा और चेहरे पर भी दिखने लगा होगा। इसलिए यह बहुत जरूरी है कि आप सर्दियों की शुरुआत से ही अपने स्वास्थ्य और सुंदरता के प्रति जागरूक हो जाएं, तो आपकी त्वचा पहले की तरह दमकती रहेगी।
सर्दियों में चलने वाली सर्द हवाएं त्वचा को बहुत ज्यादा प्रभावित करती हैं। आमतौर पर मौसम में त्वचा के फटने, त्वचा पर रैशेज और सूजन की समस्या बढ़ने की शिकायत बढ़ जाती है। इसलिए बहुत जरूरी है कि आप इस मौसम में त्वचा का अतिरिक्त ख्याल रखें।
आज हम आपको कुछ ऐसी प्राकृतिक चीजें बताते हैं, जो आपके घर में आराम से मिल जाएंगी। इन्हें अपने विंटर स्किन केयर रूटीन में शामिल करके आप दमकता हुआ चेहरा पा सकते हैं। आज हम जिन चीजों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं वो पूरी तरह से प्राकृतिक हैं। लिहाजा, इसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं दिखेगा।
एलोवेरा जेल
सर्दी के मौसम में चलने वाली ठंडी हवाएं त्वचा की नमी खत्म कर देती हैं। ऐसे में एलोवेरा जेल आपकी त्वचा को हाइड्रेट रखता है। इसे सीधे लगाने की बजाय आप इसमें ग्लिसरीन भी मिला सकते हैं या फिर एलोवेरा जेल में बादाम के तेल की 2 बूंदें डालकर चेहरे पर लगा सकते हैं। इससे आपको काफी राहत भी मिलेगी।

नारियल का तेल
नारियल का तेल आपकी त्वचा पर नेचुरल मॉइस्चराइजर का काम करता है। यह आपकी त्वचा को रूखेपन से बचाता है और साथ ही कोलेजन को बढ़ाता है, जिससे त्वचा में कसाव आता है। आप नारियल के तेल को सीधे त्वचा पर भी लगा सकते हैं। अगर इसमें गुलाब जल या शहद मिलाकर चेहरे पर लगाएंगे, तो त्वचा की रंगत और भी निखर आएगी।
घी
घी में न सिर्फ त्वचा को रूखेपन से बचाने का गुण होता है बल्कि यह त्वचा को मुलायम भी बनाता है। किचन में रखे घी को आप खाना बनाने के साथ-साथ लगाने में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हाथों में थोड़ा सा घी लें और इससे पूरे चेहरे पर हल्की मालिश करें। यह आपके चेहरे की त्वचा के ब्लड सर्कुलेशन में भी सुधार करता है।
गुलाब जल
गुलाब जल भी एक तरह का प्राकृतिक मॉइस्चराइजर है। त्वचा के लिए गुलाब जल के फायदे कई हैं, लेकिन रूखी और बेजान त्वचा वालों के लिए यह सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे आप न सिर्फ चेहरे को साफ कर सकते हैं बल्कि इससे फेशियल टोनिंग भी की जा सकती है। ऐसा करने से आपकी त्वचा साफ हो जाती है और डेड स्किन भी निकल जाती है।









































