BILASPUR. अगर आप सड़क पर बर्थ-डे मनाने की तैयारी कर रहे हैं तो आप सतर्क हो जाएं। चौक-चौराहों को जाम लगाकर बर्थ-डे पर हुड़दंग करते हुए केक काटना अब आपको महंगा पड़ सकता है। दोस्तों की भीड़ जुटाकर देर रात चौक पर बर्थडे मनाएंगे तो आपके बर्थडे सेलिब्रेशन में बिन बुलाए मेहमान आ जाएंगे। यह मेहमान कोई और नहीीं वर्दीधारी पुलिस वाले होंगे। और वो आपके सेलिब्रेशन को यादगार बना देंगे। वो आपका बर्थडे अलग ही तरह से सेलिब्रेट करवाएंगे, क्योंकि ऐसा करने से आपका बर्थडे सेलिब्रेशन सलाखों के पीछे होगा। इतना ही नहीं रोड पर सेलिब्रेशन होने पर संबंधित क्षेत्र के टीआई पर भी गाज गिर सकती है।
गौरतलब हो कि सोशल मीडिया में आज कल रोड पर पार्टी करने का चलन बढ़ता जा रहा है। सड़क पर जन्मदिन सेलिब्रेट कर शरारती युवक हंगामा मचाते हैं और सोशल मीडिया में इसका वीडियो वायरल करते हैं। सोशल मीडिया में वायरल करने के लिए ऐसे युवक बंदूक, पिस्टल, तलवार और चाकू से केक काटकर वीडियो बनाते हैं। युवकों की इस तरह की हरकतों से अक्सर आम लोगों को दिक्कतें होती हैं। कई बार सड़क पर जाम भी लग जाता है।

ऐसा ही एक मामला बिलासपुर से सामने आया है। जहां रोड पर जन्मदिन की पार्टी करना युवक को बेहद महंगा पड़ गया। युवक का नाम आयुष यादव है। वो शंकर नगर थाना तोरवा का रहने वाला है। पुलिस ने उस पर धारा 283 के तहत मामला दर्ज किया है। बीती रात आयुष अपने दोस्तों के साथ रोड पर बर्थडे पार्टी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस भी वहां पहुंच गई। और न चाहते हुए आयुष का अपना केक पुलिस वालों के साथ काटना पड़ा। बदले में पुलिस ने उसे लॉकअप में रहने का गिफ्ट दे डाला।
बिलासपुर आईजी रतनलाल डांगी ने बताया कि आए दिन किसी न किसी क्षेत्र से शिकायत आती रहती है कि लोग सड़कों को जाम कर बर्थडे पार्टी सेलिब्रेट कर रहे हैं। इससे आम नागरिकों को आवाजाही में असुविधा होती है। विवाद की स्थिति भी निर्मित होती है। साथ ही तलवार या अन्य हथियारों से भी केक काटने की खबरें आती रही हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आदेश जारी कर सभी एसपी को इस तरह की गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए कहा है। और ऐसे लोगों पर आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई करने और जेल भेजने के आदेश दिए हैं।








































