DURG. करीब 32 सौ से अधिक हितग्राहियों के खाते में राशि हस्तांतरित होंगे। इसमें करीब ढाई करोड़ रुपए से अधिक राशि वितरित की जाएगी। निवेशकों के खातों में आगामी सप्ताह में राशि वितरण करने के निर्देश दिए गए है।

शुष्क इंडिया के निवेशकों के वितरण के लिए दो करोड़ 56 लाख रुपए की राशि जिला प्रशासन के पास आ गई है। राशि के उपलब्ध होते ही इसके निवेशकों को वितरण करने के निर्देश दुर्ग कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने अधिकारियों को दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने इस संबंध में विशेष बैठक भी बुलाई तथा शुष्क इंडिया के निवेशकों को राशि वितरण के साथ ही चिटफंड से संबंधित अन्य मामलों में प्रगति की समीक्षा की।

शुष्क इंडिया के 32 सौ 74 निवेशकों को यह राशि वितरित की जाएगी। कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने निवेश के अनुपात के अनुसार नियमानुसार वितरण और पारदर्शिता के लिए जिला कोषालय अधिकारी को विशेष रूप से निर्देश दिए। सभी निवेशकों से राशि वितरण के लिए आवश्यक डिटेल देने कहा जा रहा है।
इस डिटेल के साथ पहुंचे निवेशक
इसके लिए निवेशक दुर्ग तहसील कार्यालय में संपर्क कर अपने डिटेल दे सकते हैं। इसके लिए बैंक पासबुक, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेज निवेशक को साझा करने होंगे। इसके लिए वे जिले की वेबसाइट में भी लॉग-इन कर अपनी डिटेल दे सकते हैं।

रिकवरी की ली जानकारी
दुर्ग कलेक्टर ने चिटफंड कंपनियों से रिकवरी की प्रगति की जानकारी भी ली और आवश्यक निर्देश दिए। अपर कलेक्टर अरविंद एक्का ने इस संबंध में अब तक की गई कार्यवाहियों की जानकारी दी। साथ ही एडीशनल एसपी अनंत ने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

कलेक्टर ने कहा कि चिटफंड कंपनियों के निवेशकों को राहत दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग कर तेजी से कार्यवाही करने निर्देशित किया। उन्होंने पेंडिंग आवेदनों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष रूप से आवेदकों से संपर्क कर शीघ्र ही लंबित प्रकरणों को भी निराकृत कर दें। इस संबंध में शासन स्तर से जो भी निर्देश मिले हैं उन पर तय समयसीमा में कार्रवाई करें तथा निरंतर मानिटरिंग करें ताकि सभी निवेशकों को शीघ्र ही राहत दी जा सके। बैठक में सभी एसडीएम और राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।





































