RAIPUR. प्रदेश सरकार ने ईडी की गिरफ्त में आए आईएएस समीर विश्नोई को चिप्स के सीईओ पद से हटा दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने अब उनकी जगह आईएएस रितेश कुमार अग्रवाल को चिप्स का सीईओ नियुक्त कर दिया है। विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। 2012 बैच के आईएएस रितेश छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के प्रबंध संचालक हैं। विश्नोई की जगह मार्कफेड में भी नई नियुक्ति जल्द हो जायगी।
इसी साल जनवरी में विश्नोई छत्तीसगढ़ इफोटेक प्रमोशन सोसाइटी (चिप्स) के सीईओ बने थे। सितंबर में उनको अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए मार्कफेड का प्रबंध संचालक बनाया गया था। प्रदेश में 11 अक्टूबर की हुई ईडी की कार्रवाई में समीर विश्नोई के घर और दफ्तर पर छापा मारा गया था।
बता दें कि विश्नोई के घर हुई छापेमारी में ईडी को 47 लाख रुपए कैश और दो करोड़ रुपए से अधिक के गहने बरामद हुए थे। इसके बाद ईडी ने उनको गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए आठ दिन की रिमांड पर ले लिया था। यह रिमांड 21 अक्टूबर को पूरी हो जायगी। रिमांड में लेने के बाद जांच एजेंसी रायपुर स्थिति चिप्स के मुख्यालय की तीन बार तलाशी ले चुकी है।
समीर विश्नोई चिप्स के सीईओ के साथ-साथ मार्कफेड के प्रबंध संचालक भी हैं। फिलहाल वो एक सप्ताह से ईडी की रिमांड में हैं। वहां भी नए एमडी की नियुक्ति जल्द हो सकती है। प्रदेश में पहली बार धान की सरकारी खरीदी मार्कफेड के जरिए एक नवम्बर से शुरू होने वाली है।





































