RAIPUR. दिवाली का दिन जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, घरों में साफ-सफाई तेजी से की जा रही है। रंग रोगन हो चुका है या हो रहा है। इसके साथ ही घर के मंदिर की सफाई की टेंशन हो रही है। यहां रखी गई पीतल और तांबे की मूर्तियां पुरानी लगने लगी हैं। कितना भी साफ करो, नए जैसी चमक ही नहीं आ रही है। अगर आपके साथ भी ऐसी ही समस्या है, तो इन आसान क्लीनिंग हैक्स को इस दिवाली पर अपनाएं और देखिए कि वे फिर से नई जैसी हो जाएंगी।
पीतल की मूर्ति की सफाई
मंदिर में रखी पीतल की मूर्तियों या बर्तनों को साफ करने के लिए सिर्फ 2 चीजों की जरूरत होती है। नमक और सिरका। इन टिप्स को फॉलो करने के लिए पीतल की मूर्ति पर सिरके की कुछ बूंदें डालकर नमक से स्क्रब करें। इसके बाद मूर्तियों को गर्म पानी से धो लें। ऐसा करने से पुराना मैल साफ हो जाएगा।

मूर्ति को चमकदार बनाने में मदद करेंगे ये टिप्स
मूर्ति को चमकदार बनाने के लिए नींबू और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें। आधे नींबू के रस में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं और इसे तब तक मिलाते रहें, जब तक यह पेस्ट न बन जाए। अब इस पॉलिश को एक मुलायम कपड़े की मदद से मूर्तियों पर लगाएं। पीतल की मूर्तियों को गर्म पानी से धोकर सूखने के लिए रख दें। वे नई जैसी चमकने लगेंगे। यदि फिर भी चमक नहीं आए, तो इसे दोबारा करें।

नींबू और नमक
सबसे पहले मंदिर में रखे पीतल और तांबे के बर्तनों को 30 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद नींबू को आधा काट लें और उस पर नमक लगाएं। इससे इन बर्तनों को साफ कर लें। आप चाहें तो नींबू और सोडा मिलाकर घोल तैयार कर सकते हैं। इस घोल से आप बर्तन भी साफ कर सकते हैं।

पीतल की पॉलिश
यदि पीतल की मूर्तियां खराब दिख रही हैं, तो आप पीतल की वस्तुओं के लिए विशेष रूप से उपयोग की जाने वाली पॉलिश का उपयोग कर सकते हैं, ताकि वे फिर से अच्छी दिखें। इसे तब तक साफ करें जब तक कि सारी धूल और गंदगी न निकल जाए।


































