RAIGARH. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां नगर निगम ने भगवान हनुमान जी के नाम नोटिस जारी कर दिया गया है। नोटिस में मंदिर का बकाया जलकर पटाने के लिए कहा जा रहा है। अब इसे लेकर विभिन्न संगठन विरोध कर रहे है और इसकी आलोचना कर इसे देवताओं का अपमान बता रहे है।

भाजपा सहित अन्य हिंदू संगठन विरोध कर रहे है और भगवान के नाम नोटिस जारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे है।
रायगढ़ नगर निगम राजस्व बढ़ाने के लिए कवायद कर रहा है। निगम के राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर भी जलकर वसूलने समयावधि निर्धारित कर दिया गया है। मोहर्रिर पर भी समयबद्ध जलकल प्राप्त नहीं होने पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। सभी बाकायदारों को जलकर अदा करने नोटिस जारी किया जा रहा है। इसी आपाधापी में निगम ने भगवान हनुमान के नाम से नोटिस जारी कर दिया। यह पूरा मामला शहर के वार्ड-18 का है।
कायदे से नोटिस मंदिर प्रशासन के नाम जारी होना था, लेकिन निगम द्वारा भगवान हनुमान जी को ही अपना हितग्राही बनाकर नोटिस भेज दिया गया।

जमकर हो रहा विरोध
इसके बाद निगम का जमकर विरोध हो रहा है। लोग निगम के जलकर विभाग का भी विरोध कर रहे है। लोगों का कहना है कि यह चूक नहीं जानबूझकर हिंदू भावनाओं को आहत करने के लिए किया गया है। लोग आक्रोशित है। भाजपा व अन्य संगठन द्वारा बैठक कर विरोध करने रणनीति बनाई जा रही है।
पहले भगवान शिव भी लगा चुके है हाजिरी
इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। रायगढ़ में इससे पहले भी भगवान शिव के नाम बेदखली का नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद भगवान शंकर रिक्शा में बैठकर तहसील कार्यालय गए थे। तब लोगों ने भी अफसरों को सबक सिखाने की सोची थी और भगवान शिव की प्रतिमा को रिक्शे पर बिठाकर तहसील कार्यालय ले जाया गया था। इस बार भगवान हनुमान के नाम नगर निगम ने नोटिस जारी किया है। इस तरह के मामले बार-बार होने से लोगों में खासी नाराजगी है।







































