BHILAI. ‘अब बुढ़ापा आ गया, आराम करिए।’ यह तो आपने उम्रदराज लोगों से कहते हुए अमूमन सुना ही होगा। लेकिन दुर्ग के एक बदमाश पर बुढ़ापा अब भी हावी नहीं हुआ है। शहर का बदमाश बूढ़ा तो जरूर हो गया लेकिन उसके आपराधिक कृत्य में कमी आने के बजाए और बढ़ोत्तरी हो रही है। बूढ़े आरोपी की हरकतों से त्रस पुलिस ने उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई करने का मन बना लिया है।

दुर्ग जिले के कुख्यात बदमाश बबलू ईरानी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बबलू किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की नियत से घूम रहा था, जिसको दुर्ग कोतवाली पुलिस ने पकड़ा। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए उसे जिला बदर करने के लिए प्रशासन को पत्र लिखा है।
दुर्ग कोतवाली प्रभारी एसएन.सिंह ने बताया कि निगरानी बदमाश बबलू ईरानी उर्फ जाकिर हुसैन नया बस स्टैंड दुर्ग के यात्री प्रतीक्षालय के पास सार्वजनिक स्थान में धारदार हथियार के साथ पकड़ाया है। पुलिस ने बताया कि चाकू लहरा रहे बबलू को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई है। शनिवार की रात्रि पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार किया।

बबलू पर 65 से अधिक मामले है दर्ज
पुलिस अधिकारी ने बताया कि थाने लाने पर पता चला की आरोपी बबलू ईरानी पर 65 से अधिक गंभीर मामले दर्ज है। सिटी कोतवाली दुर्ग और पद्मनाभपुर चौकी में बबलू ईरानी के विरुद्ध कई मामले दर्ज है। पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस ने बबलू के खिलाफ जिला बदर करना चाहती है, जिसके लिए पुलिस ने प्रशासन को पत्र लिखा है। अब जिला प्रशासन द्वारा लिए जाने वाले निर्णय का इंतेजार किया जा रहा है। ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

गंभीर अपराधों में बंदी रहा है बबलू
पुलिस ने जानकारी दी कि उक्त आरोपी बबलू ईरानी हत्या का प्रयास, चाकूबाजी, लूट, डकैती जैसे अन्य गंभीर आपराधिक मामले को अंजाम दे चुका है। बबलू ईरानी बस स्टैंड में अपने कुछ साथियों के साथ बैठ कर गिरोह संचालित करता रहा है। पुलिस द्वारा पूर्व में भी बबलू के विरुद्ध बस स्टैंड में आने वाले यात्रियों और आवाजाही करने वालों को डराने, धमकाने सहित अन्य मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।
बुढ़ापा आ गया लेकिन बदमाशी नहीं छोड़ी
बबलू उर्फ जाकिर हुसैन पिता मुक्दर अली उम्र 52 साल ईरानी डेरा केलाबाड़ी दुर्ग का रहने वाला है। थाना प्रशासन आदतन बदमाश के कृत्यों से परेशान होकर उसको जिला बदर करने का मन बना चुका है। पूर्व में भी पुलिस द्वारा बबलू का जुलूस निकाला गया था। फिर भी वह उत्पात मचाना नहीं छोड़ा । उक्त कार्रवाई में दुर्ग के थाना प्रभारी एसएन.सिंह, प्रधान आरक्षक योगेश चन्द्राकर, आरक्षक जी.रवि, आरक्षक सुरेश कुमार, आरक्षक पृथ्वी राज तोमर व अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







































