तीरंदाज, डेस्क। आज 28 अगस्त को नोएडा स्थित सुपरटेक ट्विन टावर्स को महज 12 सेकेंड में ध्वस्त कर दिया जाएगा। सुबह 7 बजे से आसपास की सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने अपना घर छोड़ दिया है। इसके बाद ट्विन टावर के पास किसी को जाने की इजाजत नहीं है।
इसके विध्वंस से पहले किसी भी तरह की प्रतिकूल स्थिति से बचने के लिए काफी सावधानी बरती जा रही है। एक दिन पहले हाउसिंग कॉम्प्लेक्स और उसके आसपास के भवनों के निवासियों के लिए प्रोटोकॉल जारी किए गए थे। दोनों भवनों में कुल 850 फ्लैट हैं। यह नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर 93ए में स्थित है।

ट्विन टावर गिराने का जिम्मा एडिफाइस नाम की कंपनी को मिला है। ये काम प्रोजेक्ट मैनेजर मयूर मेहता की निगरानी में हो रहा है। वे बताते हैं कि हमने बिल्डिंग में 3700 किलो बारूद भरा है। पिलर्स में लंबे-लंबे छेद करके बारूद भरना होता है। फ्लोर टु फ्लोर कनेक्शन भी किया जा चुका है।
दशकों से चली आ रही कानूनी लड़ाई को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दोनों इमारतों को गिराने का आदेश दिया है। डेवलपर्स को दोनों टावरों की कम दूरी के कारण इमारत को ध्वस्त करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों को डर है कि विध्वंस से नुकसान होगा।
ट्विन टावरों के ढहने से रविवार को सड़कों में बदलाव होगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे दोपहर 2.15 बजे से एक घंटे के लिए बंद रहेगा। इसके अलावा आसपास की सड़कें सुबह सात बजे वाहनों के लिए बंद कर दी जाएंगी। ये सड़कें शाम करीब 4-5 बजे खुल जाएंगी। इससे पहले साल 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए एक्सप्रेस-वे को ब्लॉक कर दिया गया था। इस दौरान यहां साइकिलिंग प्रतियोगिता हुई थी।

डीसीपी ट्रैफिक गणेश साहा ने बताया कि एनएसईजेड से एल्डिको चौराहे से सेक्टर-108 जाने वाले वाहनों को एल्डिको चौराहे से पंचशील अंडरपास की ओर डायवर्ट कर गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। सेक्टर-92 चौक से एनएसईजेड, सेक्टर-83 से आने वाले श्रमिक कुंज जाने वाले वाहनों को एल्डिको चौराहे से पंचशील अंडरपास तक भेजा जाएगा।
सेक्टर-105 से आने वाले और श्रमिक कुंज सेक्टर-93 चौराहे से सेक्टर-92 की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-108 चौराहे से गेझा तिराहे की ओर डायवर्ट कर आगे भेजा जाएगा। वहीं, शनिवार को एडिफिस और उसकी अनुषंगी जेट डिमोलिशन कंपनी के विशेषज्ञों ने ट्विन टावरों की जांच की। इसके अलावा नोडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी भी ट्विन टावर्स पहुंचीं और इसकी जानकारी ली।





































