बीजापुर। होली की रात माओवादियों ने फिर एक के साथ खूनी होली खेली है। युवक की हत्या कर शव सड़क पर फेेंक दिया। खीझ निकलाने के लिए लोगों में दहशत फैलाने पर्चे भी फेंके हैं। वहीं दूसरी ओर नक्सली संगठन टूट भी रहे हैं। सदस्य जीवन की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं। वे समर्पण कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सली लगातार उत्पात मचा रहे हैं। नक्सलियों ने इंजीनियर और मजदूर के अपरहण के बाद वाहनों में आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद छुट्टी लेकर अपने घर लौटे एक पुलिस जवान की हत्या कर दी थी। अब होली की रात एक ग्रामीण की हत्या कर खून की होली खेली है।
इस बार नक्सलियों ने मद्देड थानाक्षेत्र के अंगमपल्लीगुड़ा में पास्टर यालम शंकर की निर्मम हत्या कर दी। घर के बाहर धारधार हथियार से मौत के घाट उतारा है। इलाके में दहशत का माहौल है।
तीन दिनों पहले भी नारायणपुर में माओवादियों ने बड़ी वारदात की थी। तड़के सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा में लगे 2 जवान नक्सलियों की ओर से प्लांट की गई आईईडी की चपेट में आए थे। विस्फोट से एक जवान शहीद हो गया था, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल था जिनका रायपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस घटना में सुबह-सुबह जवानों का एक दल नारायणपुर जिले के सोनपुर- डोंगरीबेड़ा के बीच बन रही सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा के लिए निकला था। नक्सलियों को इस बात की भनक पहले से थी। इस दौरान उन्होंने सड़क पर चल रहे जवानों को देखकर एक आईईडी ब्लास्ट किया, जिसमेंं एएसआई राजेन्द्र सिंह शहीद हो गए और हेड कॉन्स्टेबल महेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो महिला व एक पुरुष नक्सलियों ने डाले हथियार
एक ओर हिंसा से लोगों की हत्या कर रहे माओवादी संगठन टूटता दिख रहा है। सदस्य जीवन की मुख्यधारा की ओर मुड़ना चाहते हैं। इसी के तहत अति संवेदनशील दंतेवाड़ा जिले में लोन वर्राटू (घर वापस आइये) अभियान के तहत सक्रिय 3 माओवादियों ने सीआरपीएफ डीआईजी व दंतेवाड़ा एसपी के सामने सरेंडर कर दिया। आत्म समर्पण करने वाले नक्सली मलांगीर एरिया कमेटी में सक्रिय थे। अरनपुर थाने में सरेंडर करने वाले नक्सलियों में दो महिला व एक पुरुष शामिल हैं। तीनों नक्सली लंबे समय से माओवादी संगठन में सक्रिय थे और कई घटनाओं में शामिल थे।
(TNS)