RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार सुबह कारोबारियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सूरजपुर और अंबिकापुर में अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर कारोबारी प्रतिष्ठानों और आवासों की जांच शुरू की है। कार्रवाई के दायरे में PRA ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, रायगढ़ इस्पात और बिलासपुर के लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल से जुड़े ठिकाने शामिल हैं। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसाइटी में कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के आवास पर आयकर विभाग की टीमें जांच कर रही हैं।

इसके अलावा PRA ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर स्थित मूल निवास और अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आवास पर भी छापेमारी की गई है। पुलिस बल की मौजूदगी में सुबह से जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, बर्बरीक ग्रुप भी PRA ग्रुप से जुड़ी फर्म है। इसी वजह से दोनों ग्रुप से संबंधित कारोबारी गतिविधियां और वित्तीय रिकॉर्ड जांच के दायरे में हैं। बिलासपुर में आयकर विभाग की टीम ने लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल के ठिकानों पर दबिश दी। तीन गाड़ियों में पहुंची टीम ने विद्या नगर स्थित उनके निवास प्रकाश पुंज और व्यापार विहार स्थित कारोबारी प्रतिष्ठानों की जांच शुरू की। इनमें मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट के कार्यालय और हनुमान हार्डवेयर स्टोर शामिल हैं। टीम दस्तावेजों की जांच करने के साथ कारोबारी से पूछताछ भी कर रही है। जेपी मित्तल बिलासपुर संभाग के बड़े लोहा कारोबारियों में शामिल हैं।

रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों पर आयकर विभाग ने कार्रवाई की है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे 12 से 15 अधिकारियों की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। कोतरारोड क्षेत्र स्थित बर्बरीक हाउस, कालिंदी कुंज समेत चार ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हुए हैं और साथ कारोबार करते हैं। इसी कड़ी में दोनों से संबंधित फर्मों के ठिकानों पर एक साथ जांच शुरू की गई है।

जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की दबिश
आयकर विभाग की टीम ने जांजगीर-चांपा जिले में भी छापेमारी की है। हालांकि, वहां किन कारोबारियों या फर्मों के ठिकानों पर कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस पूरी कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अलग-अलग शहरों में टीमें कारोबारी दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और सामने आए तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






































