KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले किसानों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में शनिवार को संयुक्त किसान संघ के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
गोंडवाना भवन से निकाली विरोध रैली
किसानों ने अपने आंदोलन की शुरुआत गोंडवाना भवन से की। यहां बड़ी संख्या में किसान जुटे और संयुक्त किसान संघ के नेतृत्व में रैली निकाली। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी राजा भानुप्रतापदेव मुख्य चौक पहुंचे। यहां किसानों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया।

दोपहर 2 बजे शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शाम 4 बजे तक जारी रहा। इस दौरान मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रकबा शून्य होने से किसानों में नाराजगी
प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि धान खरीदी के लिए किए गए सर्वे में कई किसानों का रकबा शून्य कर दिया गया है। इसके चलते संबंधित किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज नहीं बेच पाएंगे। किसानों ने इसे सर्वे में हुई गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है।
मुआवजा और फसल बीमा भुगतान का मुद्दा भी उठा
किसानों ने फसल नुकसान के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि अल्पवर्षा, कीट प्रकोप और चक्रवात के कारण इस साल फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद प्रभावित किसानों को अब तक सरकारी मुआवजा और फसल बीमा की राशि नहीं मिली है।
किसान नेताओं के मुताबिक, इन समस्याओं को लेकर पहले भी राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से किसानों को आंदोलन करना पड़ा।
लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ चक्काजाम
चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीएम गंगाधर वाहिले मौके पर पहुंचे और किसान नेताओं से बातचीत की। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे केवल मौखिक आश्वासन पर आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। वे अपनी मांगों के समाधान को लेकर ठोस आश्वासन चाहते थे।
एसडीएम की ओर से ठोस आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। हालांकि, किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धान खरीदी से ठीक पहले हुए इस प्रदर्शन ने प्रशासन के सामने किसानों की समस्याओं के समाधान की चुनौती खड़ी कर दी है।




































