RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने प्रेसवार्ता कर भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा की राजनीतिक स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा एक इनोवा में ही आ जाएगी। बघेल ने धान खरीदी की तैयारियों को लेकर भी सरकार को घेरा और मांग की कि सरकार इस पर श्वेत पत्र जारी करे। इसके अलावा उन्होंने जनगणना-2027 और भिलाई नगर निगम की मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम नहीं जुड़ने का मुद्दा उठाया। भूपेश बघेल ने भाजपा के राष्ट्रीय नेता नितिन नवीन को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को छठ पर्व है, लेकिन नितिन नवीन बिहार नहीं जा रहे हैं। बिहार उपचुनाव में हार क्या मिली, छत्तीसगढ़ आना पड़ गया।

पूर्व सीएम बघेल ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार की स्थिति अच्छी नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज चुनाव हुए तो भाजपा एक इनोवा में ही आ जाएगी। भाजपा को सिर्फ ज्ञानेश कुमार ही जीता सकते हैं। ज्ञानेश रहेंगे तो 90 में 91 सीट भाजपा जीत जाएगी। धान खरीदी के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रति एकड़ आदान सहायता देना कांग्रेस की योजना को आगे बढ़ाना है। भाजपा ने आखिरकार कांग्रेस की नीति पर पलटी मारी है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन सरकार की तैयारियां स्पष्ट नहीं हैं। आदान सहायता के नाम पर किसानों को झुनझुना पकड़ा रही है।

भूपेश ने सवाल उठाया कि क्या सरकार ने धान खरीदी के लिए पर्याप्त बारदाने और भंडारण की व्यवस्था कर ली है? किसानों को भुगतान करने के लिए पर्याप्त राशि है या नहीं? राइस मिलर्स ने पिछले वर्ष का पूरा चावल जमा कर दिया है या नहीं? अगर चावल जमा नहीं हुआ है तो धान उठाव के लिए डीओ कैसे कटेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से पूरा धान खरीदना नहीं चाहती। धान खरीदी को लेकर व्यवस्था लचर है और सरकार की ओर से कोई स्पष्ट कार्ययोजना दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार धान खरीदी की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर श्वेत पत्र जारी करे।

जनगणना-2027 में ओबीसी को लेकर उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने जनगणना-2027 को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जाति जनगणना को लेकर प्रधानमंत्री झूठ बोल रहे हैं। बघेल का कहना है कि राजपत्र में जाति जनगणना का उल्लेख नहीं है और ओबीसी वर्ग को जनगणना से बाहर रखा गया है। उन्होंने मांग की कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के साथ ओबीसी वर्ग की भी गणना होनी चाहिए, ताकि सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

भिलाई की मतदाता सूची में 5 हजार नए वोटर्स के नाम गायब होने का आरोप
भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर भी भूपेश बघेल ने निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई निगम की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी है। नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े ही नहीं गए हैं। बघेल के मुताबिक, भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 5 हजार से अधिक नए मतदाता मतदाता सूची से बाहर हैं। वहीं, पूरे प्रदेश में करीब 25 हजार नए वोटर्स के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। उन्होंने इसे जेन-जी मतदाताओं के साथ षड्यंत्र बताते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग पर भी जेन-जी का बुखार चढ़ गया है।





































