JOB NEWS. सरकारी कंपनी में अप्रेंटिसशिप के जरिए ट्रेनिंग और काम सीखने का मौका तलाश रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) ने मलांजखंड कॉपर प्रोजेक्ट के लिए अप्रेंटिस के 171 पदों पर भर्ती निकाली है। इसके तहत मेट माइंस, शॉटफायर ब्लास्टर, ड्राइवर कम मैकेनिक, मैकेनिकल डीजल, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट और सर्वेयर समेत 19 ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस भर्ती की खास बात यह है कि 10वीं पास अभ्यर्थियों को भी आवेदन का मौका मिलेगा। कुछ ट्रेड ऐसे हैं, जिनमें ITI की अनिवार्यता नहीं रखी गई है।

वहीं, संबंधित ट्रेड में ITI करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। अप्रेंटिसशिप की अवधि ट्रेड के अनुसार एक से तीन साल तक होगी। आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 24 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। HCL अप्रेंटिस भर्ती में सामान्य तौर पर अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट भी होना चाहिए। हालांकि, मेट माइंस, शॉटफायर ब्लास्टर और ड्राइवर कम मैकेनिक ट्रेड के लिए ITI की अनिवार्यता नहीं है। इन ट्रेड में 10वीं पास अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

जिन अभ्यर्थियों ने वर्ष 2025 या उससे पहले ITI किया है, उन्हें मजिस्ट्रेट या नोटरी पब्लिक के सामने शपथ लेकर नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर एफिडेविट देना होगा। इसमें यह घोषणा करनी होगी कि उन्होंने पहले कहीं अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग नहीं ली है और न ही नौकरी की है। डिप्लोमा, बीई या इसके समकक्ष उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे। वहीं, BA, BSc और BCom की डिग्री रखने वाले अभ्यर्थियों को चयन में कोई अतिरिक्त वेटेज नहीं दिया जाएगा। HCL अप्रेंटिस भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 25 साल निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। SC/ST वर्ग के अभ्यर्थियों को 5 साल और OBC वर्ग के अभ्यर्थियों को 3 साल की छूट दी जाएगी।

बिना लिखित परीक्षा मेरिट से होगा चयन
इस भर्ती में अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट तैयार करने में 10वीं और ITI के अंकों को वेटेज दिया जाएगा। 10वीं के अंकों को 70 प्रतिशत वेटेज मिलेगा। ITI के अंकों को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। जिन ट्रेड में ITI अनिवार्य नहीं है, उनमें 10वीं के अंकों के आधार पर 100 प्रतिशत वेटेज मिलेगा। यदि दो अभ्यर्थियों के अंक समान होते हैं तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। मेरिट लिस्ट में चयनित अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद मेडिकल टेस्ट होगा। अंतिम चयन के लिए अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय रूप से फिट होना जरूरी है।

ऐसे करें HCL अप्रेंटिस भर्ती के लिए आवेदन
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले भारत सरकार के अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए 10वीं और ITI की मार्कशीट के अनुसार प्रोफाइल की जानकारी भरनी होगी। प्रोफाइल में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि और आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी सही और वेरिफाइड होनी चाहिए। इसके अलावा बैंक अकाउंट और e-KYC की जानकारी भी अपडेट होनी चाहिए। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद अभ्यर्थी को एक रजिस्ट्रेशन नंबर मिलेगा। इसके जरिए HCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन के दौरान उम्मीदवार को अपनी पसंद के ट्रेड का चयन करना होगा। इसके बाद पासपोर्ट साइज कलर फोटो और अंग्रेजी में हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। फोटो और हस्ताक्षर की फाइल का साइज 50 KB से कम होना चाहिए। इसके साथ संबंधित ITI सर्टिफिकेट और जहां जरूरी हो, एफिडेविट भी अपलोड करना होगा।

































