TAMIL NADU NEWS. तमिलनाडु के विल्लुपुरम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ब्रेकअप के बाद एक युवक अपनी एक्स गर्लफ्रेंड की जिंदगी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए इस कदर बेताब हो गया कि उसने पुलिस के पास 7 महीने में 97 RTI आवेदन दाखिल कर दिए। इन आवेदनों में उसने कुल 1887 सवाल पूछे। मामला राज्य सूचना आयोग तक पहुंचा, जहां आयोग ने युवक को कड़ी फटकार लगाते हुए मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेने की नसीहत दी।
ब्रेकअप के बाद शुरू हुआ RTI का सिलसिला
मामले में युवक की पहचान ए. संतोष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संतोष और युवती के बीच साल 2021 से 2025 तक प्रेम संबंध था। नवंबर 2025 में दोनों का ब्रेकअप हो गया। इसके बाद संतोष अपनी पूर्व प्रेमिका के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश करने लगा।
पुलिस के अनुसार, वह जानना चाहता था कि युवती किससे मिलती है, कहां जाती है, क्या करती है और कहीं उसका किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रिश्ता तो नहीं है। इसी जानकारी के लिए उसने नवंबर 2025 से जून 2026 के बीच पुलिस को 97 RTI आवेदन भेज दिए।
1887 सवालों से पुलिस भी हैरान
संतोष ने अपने आवेदनों में कुल 1887 सवाल पूछे थे। इनमें 43 सवालों को उसने कानूनी पूछताछ के तौर पर पेश किया। पुलिस ने बताया कि युवक को पहले भी उसके सवालों के जवाब दिए जा चुके थे, लेकिन वह बार-बार एक जैसे सवाल पूछ रहा था। जब पुलिस की ओर से जवाब नहीं मिला तो संतोष ने तमिलनाडु राज्य सूचना आयोग में शिकायत दर्ज करा दी।
सूचना आयोग ने लगाई फटकार, इलाज कराने की सलाह
शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान कुड्डालोर के जिला पुलिस अधीक्षक ने आयोग के सामने पूरी रिपोर्ट पेश की। मामले की गंभीरता और RTI के लगातार इस्तेमाल को देखते हुए सूचना आयुक्त वीपीआर इलंबरिथि ने युवक को कड़ी फटकार लगाई।
आयोग ने संतोष को मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से इलाज कराने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उसने दोबारा इस तरह RTI का दुरुपयोग किया तो उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा सकती है। संतोष का कहना है कि वह युवती के साथ चार साल तक रिश्ते में था और लड़की ने बिना कोई ठोस वजह बताए उससे रिश्ता खत्म कर लिया था।



































