RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले पहुंच गए। यहां बंगले के अंदर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों की मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और सरकार नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे।

जानकारी के मुताबिक, डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लंबे समय से प्रदर्शन के बावजूद मांग पूरी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते गुरुवार को उन्होंने शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर अब और इंतजार नहीं किया जा सकता।

सरकार को जल्द निर्णय लेकर नियुक्ति की समयसीमा बतानी चाहिए। उनका कहना है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित होनी चाहिए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी भी शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे। वहीं अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। फिलहाल शिक्षा मंत्री के बंगले के अंदर डीएड अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का प्रदर्शन जारी है। प्रशासन की ओर से उन्हें समझाने की कोशिश की जा रही है।






































