JASHPUR NEWS. जशपुर जिले के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को अब सामान्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की चार मोबाइल मेडिकल यूनिट हाट-बाजारों तक पहुंचकर लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से इन मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से उन ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जहां स्वास्थ्य संस्थानों की दूरी के कारण लोगों को उपचार के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए ग्रामीणों को उनके नजदीकी हाट-बाजारों में स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे लोगों को अपने दैनिक कामकाज के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। खासकर जनजातीय बहुल और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार के संकल्प में शामिल है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी भी व्यक्ति को उपचार से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जशपुर भौगोलिक रूप से विस्तृत और वनांचल क्षेत्रों वाला जिला है। ऐसे में मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में प्रभावी साबित होंगी। हाट-बाजार ग्रामीण जीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने में लगने वाला समय और खर्च दोनों कम होंगे।

रेडक्रॉस की पहल से होगा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था मानव सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। चार मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत से जशपुर जिले के जरूरतमंद और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ऐसी जनहितकारी पहलों को भी प्रोत्साहित कर रही है, जिनसे स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों तक पहुंच सकें।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया और कृष्णा राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अधिकारी उपस्थित थे।





































