PENDRA NEWS. छत्तीसगढ़ के पेंड्रा और मरवाही क्षेत्र में 62 हाथियों के विशाल झुंड ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों के लगातार विचरण और आक्रामक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नाका संकुल के 9 स्कूलों में दो दिनों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
62 हाथियों की मौजूदगी से इलाके में दहशत
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का यह बड़ा दल मरवाही क्षेत्र के नाका और मटियाडांड बीट में लगातार घूम रहा है। झुंड की गतिविधियों के कारण आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है।

हाथियों की मौजूदगी के चलते स्कूल आने-जाने वाले
और शिक्षकों के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही थी।
4 और 5 नवंबर को 9 स्कूल रहेंगे बंद
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय वर्मा ने छुट्टी का आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार, 4 और 5 नवंबर को नाका संकुल के अंतर्गत आने वाले 9 स्कूलों में अवकाश रहेगा। प्रशासन का यह कदम विद्यार्थियों और शिक्षकों को हाथियों के संभावित खतरे से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
इधर वन विभाग और जिला प्रशासन हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों के नजदीक नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के झुंड को देखकर उनके पास जाने, उन्हें छेड़ने या भगाने की कोशिश न करें। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी जारी है।




































