KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र अंतर्गत PV-39 इंद्रप्रस्थ गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता करिश्मा राय की अपने ही घर में फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतिका के मायके पक्ष में आक्रोश है। परिजनों ने उसके पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, गाली-गलौज और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, करिश्मा राय का विवाह इसी साल फरवरी महीने में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ PV-39 इंद्रप्रस्थ निवासी राजेश राय से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। इस मामले में कई बार मायके पक्ष के लोगों ने दोनों परिवारों के बीच समझाइश देकर विवाद सुलझाने का प्रयास भी किया, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ।
मृतिका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही करिश्मा को उसके पति और सास द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती थी। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर करिश्मा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
बताया जा रहा है कि बीते दिन करिश्मा ने अपने घर में फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने करिश्मा की मौत के लिए उसके पति राजेश राय और सास को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना और मारपीट के आरोपों समेत सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




































