DHAMTARI NEWS। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल देखने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र के फरसगांव की है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल देखने की बात पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, फरसगांव निवासी कैलाश सोरी और उसके छोटे भाई कुंदन सोरी के बीच घर में मोबाइल देखने को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में कैलाश ने लकड़ी का डंडा उठाकर कुंदन पर हमला कर दिया।

सिर पर गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान कुंदन के सिर पर गंभीर चोट लगी। उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। मोबाइल देखने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।

पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है।




































