BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर 70 वर्षीय बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर पैन कार्ड और एटीएम की गोपनीय जानकारी हासिल की। इसके बाद 9 बार ट्रांजेक्शन कर बैंक खाते से कुल 11 लाख 29 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर दिखा पेंशन कार्ड का विज्ञापन
मामला बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू का है। यहां रहने वाले 70 वर्षीय पवन चक्रवर्ती को 11 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड का एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में ICICI बैंक का लोगो लगा हुआ था, जिससे उन्हें इसके वास्तविक होने का भरोसा हो गया।

विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अधिकृत प्रतिनिधि बताया और पेंशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया के नाम पर उनसे जानकारी मांगी।
पैन कार्ड और एटीएम की जानकारी लेकर की ठगी
पेंशन कार्ड बनवाने के झांसे में आकर बुजुर्ग ने कॉल करने वाले व्यक्ति को अपने पैन कार्ड का नंबर और एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी दे दी। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से रकम निकालना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने कुल 9 ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 11 लाख 29 हजार रुपये पार कर दिए। खाते से लगातार रकम कटने के बाद बुजुर्ग को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खातों से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मामले की जांच जारी है।




































